मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

चम्बा में दिल दहला देने वाला हादसा: पति को गहरी खाई में गिरता देख बचाने कूदी पत्नी, दोनों की दर्दनाक मौत

सार

कहते हैं कि सच्चे प्यार की डोर इस दुनिया से परे होती है, जो जिंदगी के साथ भी और जिंदगी के बाद भी नहीं टूटती।

2 मिनट
चम्बा में दिल दहला देने वाला हादसा: पति को गहरी खाई में गिरता देख बचाने कूदी पत्नी, दोनों की दर्दनाक मौत

चम्बा:

कहते हैं कि सच्चे प्यार की डोर इस दुनिया से परे होती है, जो जिंदगी के साथ भी और जिंदगी के बाद भी नहीं टूटती। हिमाचल प्रदेश के चम्बा से एक ऐसा ही दिल दहला देने वाला और बेहद भावुक कर देने वाला मामला सामने आया है। जहाँ एक पत्नी ने अपने पति की जान बचाने की खातिर मौत को गले लगा लिया। दोनों ने दुनिया को एक साथ अलविदा कह दिया।

यह दर्दनाक हादसा जिला चम्बा की उपतहसील धरवाला के तहत आने वाली ग्राम पंचायत कलामला में पेश आया। जानकारी के अनुसार, दाडवीं पंचायत के उआ गांव के रहने वाले गोरख अपनी पत्नी सुषमा के साथ कलामला में स्थित अपने एक रिश्तेदार के घर जा रहे थे। दोनों हँसते-खेलते रास्ते पर बढ़ रहे थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।

रास्ते में अचानक गोरख का पैर फिसल गया और वह असंतुलित होकर गहरी ढांक (खाई) से नीचे गिरने लगे। अपने सुहाग को मौत के मुंह में जाता देख, पत्नी सुषमा ने एक पल भी नहीं सोचा।

उसने अपनी जान की परवाह न करते हुए पति का हाथ थामने और उन्हें बचाने की हर मुमकिन कोशिश की। लेकिन अफ़सोस, इस कोशिश में सुषमा का संतुलन भी बिगड़ गया और वह भी पति के साथ गहरी ढांक से होते हुए नीचे नाले में जा गिरीं।

इस खौफनाक मंजर को देखकर मौके पर मौजूद ग्रामीण चीख पड़े। ग्रामीण तुरंत दोनों को बचाने के लिए दौड़े और पुलिस को सूचित किया। लेकिन जब तक लोग नीचे नाले तक पहुँचे, तब तक इस दंपत्ति की सांसें थम चुकी थीं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को नाले से बाहर निकाला और मुख्य मार्ग तक पहुँचाकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज चम्बा भिजवाया।

पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम करवाकर उन्हें परिजनों को सौंप दिया है। घटना की पुष्टि करते हुए एसपी चम्बा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि इस संदर्भ में बीएनएसएस (BNSS) की धारा 194 के तहत आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई है।

वहीं, राजस्व विभाग की ओर से नायब तहसीलदार दिले राम ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और मौके पर ही 10-10 हजार रुपये की फौरी राहत राशि प्रदान की।

इस हादसे ने जहाँ पूरे चम्बा जिले को शोक में डूबा दिया है, वहीं हर कोई सुषमा के उस आखिरी प्रयास की बात कर रहा है, जिसने साबित कर दिया कि एक पत्नी के लिए उसका सुहाग ही उसकी पूरी दुनिया होती है। भले ही दोनों आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन इस दर्दनाक अंत ने उनके अटूट प्रेम को हमेशा के लिए अमर कर दिया।

इस खबर के विषय

  • Chamba accident
  • tragic love story
  • husband wife rescue
  • deep ravine fall
  • love beyond life
  • heartbreaking news
  • fatal incident

इस खबर को शेयर करें