मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

चंबा में लिव-इन पार्टनर की संदिग्ध मौत, कमरे में फंदे से लटका मिला युवक; महिला हिरासत में

सार

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के सरोल क्षेत्र में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव किराये के कमरे में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उसके साथ रह रही महिला को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

3 मिनट
चंबा में लिव-इन पार्टनर की संदिग्ध मौत, कमरे में फंदे से लटका मिला युवक; महिला हिरासत में

सरोल के घोल्टी गांव में किराये के कमरे में रह रहा था युवक, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर शुरू की जांच

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना पंचायत सरोल के घोल्टी गांव की है, जहां युवक अपनी लिव-इन पार्टनर के साथ किराये के कमरे में रह रहा था। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने साथ रह रही महिला को हिरासत में लिया है।

मृतक की पहचान उपमंडल चुराह के सालवी गांव निवासी अनिल कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अनिल कुमार सरोल पंचायत की रहने वाली महिला रितु कुमारी के साथ पिछले करीब चार वर्षों से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था।

महिला के दो बच्चे

जानकारी के अनुसार, रितु कुमारी घोल्टी गांव में किराये के कमरे में रहती थी। उसके नौ साल का एक बेटा और छह साल की एक बेटी है। महिला ने पुलिस को दिए बयान में बताया है कि वह और अनिल कुमार करीब चार वर्षों से साथ रह रहे थे और इस संबंध की जानकारी उसके पति को भी थी।

मैगी बनाने को कहा, फिर बेटी को दूसरे कमरे में सुलाने भेजा

महिला के अनुसार, घटना से कुछ समय पहले अनिल कुमार उसके कमरे में आया था। उसने भूख लगने की बात कहते हुए महिला से मैगी बनाने के लिए कहा। साथ ही उसने महिला की छह वर्षीय बेटी को दूसरे कमरे में सुलाने के लिए कहा।

महिला का कहना है कि वह अपनी बेटी को दूसरे कमरे में सुलाने चली गई। उस समय उसका बेटा घर पर मौजूद नहीं था।

वापस लौटी तो फंदे से लटका मिला युवक

रितु के मुताबिक, बेटी को दूसरे कमरे में सुलाने के बाद जब वह वापस लौटी तो उसने अनिल कुमार को फंदे से लटका हुआ देखा। उसने अनिल को नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन फंदा काफी कसकर बंधा होने के कारण वह उसे खोल नहीं पाई।

इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

महिला हिरासत में, हर पहलू से जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अनिल कुमार के साथ रह रही महिला को हिरासत में लिया है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मौत के पीछे क्या कारण रहे और घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा।

क्या बोले एसपी चंबा?

एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि सरोल के घोल्टी में एक युवक की फंदा लगाने से मौत का मामला सामने आया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और साथ रह रही महिला को हिरासत में लिया गया है।

उन्होंने कहा कि मामले की हर पहलू से बारीकी से छानबीन की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें