मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

चंबा में वन विभाग के दिहाड़ीदारों का फूटा गुस्सा, लंबित वेतन और नियमितीकरण को लेकर धरना-प्रदर्शन

सार

चंबा वन मंडल की विभिन्न पौधशालाओं में कार्यरत दैनिक वेतनभोगी श्रमिकों ने वर्ष 2024-25 का लंबित वेतन जारी न होने और नियमितीकरण की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जय सिंह की अगुवाई में प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की तथा डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री को ज्ञापन भेजकर जल्द समाधान की मांग की।

2 मिनट
चंबा में वन विभाग के दिहाड़ीदारों का फूटा गुस्सा, लंबित वेतन और नियमितीकरण को लेकर धरना-प्रदर्शन

भाजपा नेता जय सिंह की अगुवाई में श्रमिकों ने किया प्रदर्शन, डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री को भेजा ज्ञापन

वन वृत चंबा वन मंडल की विभिन्न पौधशालाओं में कार्यरत दैनिक वेतनभोगी श्रमिकों का लंबे समय से चला आ रहा आक्रोश आखिरकार सड़क पर दिखाई दिया। वर्ष 2024-25 का लंबित वेतन जारी न होने और नियमितीकरण की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जय सिंह की अगुवाई में कई श्रमिकों ने धरना-प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान श्रमिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रशासन तथा प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। प्रदर्शन के बाद एसी टू डीसी चंबा के माध्यम से प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री को ज्ञापन भी भेजा गया।

20-25 वर्षों से सेवाएं दे रहे श्रमिक

जय सिंह ने कहा कि चंबा की विभिन्न नर्सरियों में कई गरीब दिहाड़ीदार पिछले 20 से 25 वर्षों से लगातार अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें समय पर वेतन नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024-25 में पर्याप्त बजट स्वीकृत न होने के कारण श्रमिकों को आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारी बजट उपलब्ध न होने की बात कहकर श्रमिकों को वापस लौटा देते हैं। ऐसे में श्रमिकों के सामने परिवार का पालन-पोषण, बच्चों की शिक्षा और रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो गया है।

SOP बनाने का वादा भी नहीं हुआ पूरा

जय सिंह ने कहा कि पिछली बार शिमला में उपमुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान श्रमिकों के मानदेय के सुचारू भुगतान के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार करने का आश्वासन दिया गया था। लेकिन लंबे समय बाद भी यह SOP लागू नहीं हो सकी है।

उन्होंने सरकार से मांग की कि श्रमिकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान किया जाए।

लंबित वेतन और नियमितीकरण की मांग

प्रदर्शनकारियों ने सरकार से वर्ष 2024-25 का रुका हुआ वेतन जल्द जारी करने की मांग की है। इसके अलावा सभी श्रमिकों की वरिष्ठता सूची तैयार कर उन्हें नियमित करने की मांग भी उठाई गई।

श्रमिकों ने यह भी मांग की कि उपमुख्यमंत्री की ओर से पूर्व में दिए गए आश्वासन के अनुसार मानदेय के सुचारू भुगतान के लिए जल्द से जल्द SOP गठित की जाए, ताकि भविष्य में उन्हें वेतन के लिए परेशान न होना पड़े।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें