मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

भाजपा ने पालमपुर नगर निगम चुनाव के लिए 'संकल्प पत्र' किया जारी: शहीदों के नाम पर होंगे प्रवेश द्वार, पर्यटन और जाम मुक्ति पर बड़ा फोकस

सार

भारतीय जनता पार्टी ने आज पालमपुर नगर निगम चुनाव के लिए अपना विजन डॉक्यूमेंट (संकल्प पत्र) लॉन्च कर दिया है।

2 मिनट
भाजपा ने पालमपुर नगर निगम चुनाव के लिए 'संकल्प पत्र' किया जारी: शहीदों के नाम पर होंगे प्रवेश द्वार, पर्यटन और जाम मुक्ति पर बड़ा फोकस

पालमपुर

भारतीय जनता पार्टी ने आज पालमपुर नगर निगम चुनाव के लिए अपना विजन डॉक्यूमेंट (संकल्प पत्र) लॉन्च कर दिया है। इस अवसर पर भाजपा सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार ने पालमपुर के विकास के लिए "शहीद सम्मान, नशा मुक्त शहर और आधुनिक बुनियादी ढांचे" का रोडमैप जनता के सामने रखा।

भाजपा ने संकल्प लिया है कि यदि वे सत्ता में आते हैं, तो पालमपुर को एक वैश्विक पर्यटन केंद्र और व्यवस्थित शहर के रूप में विकसित करेंगे।

वीर सपूतों का सम्मान और पर्यटन विकास

संकल्प पत्र जारी करते हुए विपिन परमार ने कहा कि पालमपुर वीरों की भूमि है। भाजपा ने वादा किया है कि नगर निगम के सभी प्रमुख प्रवेश द्वारों का नाम शहीद सौरभ कालिया, मेजर सोमनाथ शर्मा और कैप्टन विक्रम बत्रा जैसे महान सपूतों के नाम पर रखा जाएगा।

इसके अलावा, एक भव्य शहीद स्मारक बनाने और पालमपुर को 'धार्मिक एवं पर्यटन सर्किट' (हिमानी चामुंडा, काली माता मंदिर और शोभा सिंह आर्ट गैलरी आदि) से जोड़कर स्वरोजगार के अवसर पैदा करने का लक्ष्य रखा गया है।

अव्यवस्थित तारों और जाम से मिलेगी मुक्ति

शहर की सुदंरता और यातायात व्यवस्था पर ध्यान देते हुए भाजपा ने केंद्र सरकार के सहयोग से अंडरपास और ओवरहेड ब्रिज बनाने का वादा किया है। बिजली और संचार के तारों के जाल को व्यवस्थित करने के लिए एक विशेष योजना लाई जाएगी।

इसके अलावा, वर्तमान कूड़ा संयंत्र (Waste Plant) को न्यूगल नदी और पर्यावरण की सुरक्षा के लिए वहां से हटाकर किसी उपयुक्त स्थान पर शिफ्ट करने और उस स्थल को पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित करने का संकल्प लिया गया है।

आम आदमी के लिए 'सिंगल विंडो' और आजीविका

भाजपा ने घोषणा की है कि नगर निगम में 'सिंगल विंडो सिस्टम' लागू होगा, जिससे नक्शा पास करवाने और प्रमाण पत्र बनवाने के लिए लोगों को दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।

भूमिहीन परिवारों को 4 से 5 मरले जमीन और पीएम आवास योजना के तहत मकान दिए जाएंगे। शहरी आजीविका मिशन के तहत 150 दिन का सुनिश्चित रोजगार देने का प्रयास होगा। बेसहारा पशुओं के लिए आदर्श गौ सदन स्थापित किए जाएंगे।

कांग्रेस सरकार पर 'माफिया राज' और 'विफल गारंटियों' का आरोप

इस दौरान सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि हिमाचल में आज 'ट्रांसफर, खनन और नशा माफिया' का बोलबाला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की 1500 रुपये और मुफ्त बिजली जैसी सभी गारंटियां विफल हो चुकी हैं।

भारद्वाज ने कहा कि जयराम सरकार की मुफ्त बिजली योजना को बंद कर कांग्रेस ने जनता पर बिलों का बोझ लाद दिया है। भाजपा नेताओं ने दावा किया कि प्रदेश की जनता इस "भ्रष्ट और विफल" सरकार को सत्ता से बाहर करने का मन बना चुकी है।

इस खबर को शेयर करें