मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

मनरेगा का नाम बदलने पर हिमाचल सरकार का केंद्र पर तीखा हमला, मंत्री अनिरुद्ध सिंह बोले— "राज्यों पर थोपा 'विकसित ग्राम जी', 164 करोड़ का पड़ेगा अतिरिक्त बोझ"

सार

केंद्र सरकार द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) का नाम बदलकर 'विकसित ग्राम जी' करने और इसमें कई नए कड़े प्रावधान लागू करने पर हिमाचल प्रदेश सरकार ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है।

3 मिनट
मनरेगा का नाम बदलने पर हिमाचल सरकार का केंद्र पर तीखा हमला, मंत्री अनिरुद्ध सिंह बोले— "राज्यों पर थोपा 'विकसित ग्राम जी', 164 करोड़ का पड़ेगा अतिरिक्त बोझ"

शिमला:

केंद्र सरकार द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) का नाम बदलकर 'विकसित ग्राम जी' करने और इसमें कई नए कड़े प्रावधान लागू करने पर हिमाचल प्रदेश सरकार ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है।

प्रदेश के ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने केंद्र सरकार पर राज्यों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा है कि बिना किसी राज्य से राय-मशविरा किए यह एकतरफा फैसला थोपा गया है, जिससे पहाड़ी राज्यों में ग्रामीण विकास पूरी तरह ठप होने की कगार पर पहुंच जाएगा।

केंद्र सरकार की ओर से मनरेगा योजना में किए गए बड़े बदलावों को लेकर हिमाचल प्रदेश में सियासत गरमा गई है। सुक्खू सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने प्रेस वार्ता कर केंद्र पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मंत्री का कहना है कि नए नियमों से न केवल मजदूरों की दिहाड़ी कम हुई है, बल्कि हिमाचल प्रदेश पर करोड़ों का अतिरिक्त वित्तीय बोझ भी लाद दिया गया है।

हिमाचल पर पड़ेगा ₹164 करोड़ से ज्यादा का अतिरिक्त बोझ

पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने आंकड़ों के साथ केंद्र को घेरते हुए कहा कि पहले मनरेगा के तहत होने वाले खर्च का 100% हिस्सा केंद्र सरकार उठाती थी, लेकिन अब नए नियमों के तहत इसे बदलकर 90:10 कर दिया गया है।

यानी अब 10 प्रतिशत हिस्सा राज्य सरकार को अपनी जेब से देना होगा। इस नए बजटिंग फार्मूले के कारण वित्तीय संकट से जूझ रहे हिमाचल प्रदेश पर हर साल 164.63 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ेगा। इसके अलावा, मौजूदा रोजगार को सुचारू रूप से चलाने के लिए भी राज्य को सालाना 12.54 करोड़ रुपये अलग से खर्च करने होंगे।

देश के इतिहास में पहली बार बढ़ाई नहीं, घटाई गई मजदूरी

मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने केंद्र के फैसले पर हैरानी जताते हुए कहा, देश के इतिहास में यह पहली बार हो रहा है जब गरीब मजदूरों की दिहाड़ी बढ़ाने के बजाय घटाई जा रही है।

उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश सरकार अपने स्तर पर मनरेगा मजदूरों को 320 रुपये दिहाड़ी दे रही थी, लेकिन केंद्र ने गैर-जनजातीय क्षेत्रों के लिए मजदूरी घटाकर महज 247 रुपये कर दी है। पहले राज्य सरकार को टॉप-अप (अतिरिक्त दिहाड़ी) देने का अधिकार था, लेकिन अब इसके लिए भी केंद्र सरकार से विशेष अनुमति लेनी अनिवार्य कर दी गई है।

मैनडेज में भारी कटौती और स्टाफ का ₹20 करोड़ बकाया

सरकार ने चिंता जताते हुए कहा कि केंद्र की नई अलोकेशन (0.914%) के हिसाब से हिमाचल को केवल 220 से 230 लाख मैनडेज (कार्यदिवस) ही मिल पाएंगे, जबकि राज्य में पहले 395 लाख मैनडेज का काम सफलता पूर्वक किया जा चुका है।

इसके अलावा, सॉफ्टवेयर और डिमांड-ड्रिवन सिस्टम लागू होने से पहाड़ी क्षेत्रों की भौगोलिक परिस्थितियों में काम करना बेहद मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने मनरेगा स्टाफ (GRS, कंप्यूटर ऑपरेटर और जूनियर अकाउंटेंट) का फरवरी महीने से करीब 20 करोड़ रुपये का वेतन भी दबा रखा है।

मजबूरी में अपनाना होगा नया एक्ट: अनिरुद्ध सिंह

मंत्री ने भावुक होते हुए कहा कि मनरेगा ग्रामीण भारत में गरीब और बेसहारा लोगों का सबसे बड़ा सहारा है, जिसे सोनिया गांधी, राहुल गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के कार्यकाल में शुरू किया गया था।

नए बदलावों के कारण भविष्य में हिमाचल की सालाना देनदारी 800 से 1000 करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है। इसके बावजूद, राज्य सरकार को मजबूरी में इस नए एक्ट को अपनाना पड़ेगा, क्योंकि अगर ऐसा नहीं किया गया तो हिमाचल प्रदेश को इस पूरी योजना से ही बाहर कर दिया जाएगा।

अब पंचायतों को पीएम गति शक्ति पोर्टल से जोड़कर 'विकसित ग्राम पंचायत प्लान' बनाना अनिवार्य होगा, जो जमीनी स्तर पर एक जटिल प्रक्रिया है।

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें