मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

मंडी नगर निगम को आधुनिक, सुरक्षित और व्यवस्थित शहर बनाने का रोडमैप है भाजपा का संकल्प पत्र : अनिल शर्मा

सार

भारतीय जनता पार्टी द्वारा मंडी नगर निगम चुनावों के लिए जारी किए गए 'संकल्प पत्र' को लेकर भाजपा नेता एवं विधायक अनिल शर्मा ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।

अपडेट: 3 मिनट
मंडी नगर निगम को आधुनिक, सुरक्षित और व्यवस्थित शहर बनाने का रोडमैप है भाजपा का संकल्प पत्र : अनिल शर्मा

मंडी

भारतीय जनता पार्टी द्वारा मंडी नगर निगम चुनावों के लिए जारी किए गए 'संकल्प पत्र' को लेकर भाजपा नेता एवं विधायक अनिल शर्मा ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे मंडी शहर के सर्वांगीण विकास का एक विजन डॉक्यूमेंट करार देते हुए कहा कि भाजपा का एकमात्र लक्ष्य मंडी को आधुनिक, सुरक्षित और पर्यटन की दृष्टि से विकसित शहर बनाना है।

ऐतिहासिक उपलब्धियां और नगर निगम का गठन

संकल्प पत्र की प्रस्तुतीकरण के दौरान अनिल शर्मा ने कहा कि मंडी नगर निगम का अस्तित्व पूर्व भाजपा सरकार और तत्कालीन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की दूरगामी सोच का परिणाम है।

उन्होंने कहा जनसंख्या मानकों की चुनौतियों के बावजूद भाजपा सरकार ने मानदंडों को कम कर मंडी को नगर निगम का दर्जा दिलाया। बल्ह, द्रंग और मंडी सदर के क्षेत्रों को जोड़कर शहर को एक नया प्रशासनिक स्वरूप दिया गया। पिछले चुनावों में जनता ने भाजपा को 15 में से 11 सीटें जिताकर पूर्ण बहुमत दिया था।

कांग्रेस सरकार पर विकास रोकने का आरोप

विधायक अनिल शर्मा ने वर्तमान कांग्रेस सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए आरोप लगाया कि पिछले डेढ़ वर्ष में मंडी नगर निगम के विकास कार्यों पर लगभग विराम लग गया है। उन्होंने कहा कि संसाधनों और स्टाफ की भारी कमी के कारण नगर निगम संकट में है।

सरकार तकनीकी कर्मचारियों और जूनियर इंजीनियरों की भर्ती करने में विफल रही है, जिससे केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ भी मंडी की जनता को नहीं मिल पा रहा।

भाजपा के 'विजन 2026' की मुख्य विशेषताएं

अनिल शर्मा ने संकल्प पत्र के उन बिंदुओं पर प्रकाश डाला जो मंडी को भविष्य के लिए तैयार करेंगे शहर में AI आधारित हाई-रेजोल्यूशन CCTV नेटवर्क और 'स्मार्ट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम' लागू किया जाएगा।

मंडी को 'शिव नगरी' के रूप में विकसित करने के लिए शिवधाम परियोजना, रिवर फ्रंट विकास और विरासत संरक्षण अभियान चलाया जाएगा। धर्मपुर से मंडी तक 132 केवी सब-स्टेशन लाइन का निर्माण किया जा रहा है ताकि भविष्य में शहर को 'ब्लैकआउट' का सामना न करना पड़े।

सकोड़ी खड्ड तटीकरण, बाईपास निर्माण, इंटरसेप्ट पार्किंग हब और 105 करोड़ रुपये की अर्बन चैलेंज फंड परियोजना के माध्यम से आधुनिक शहरी प्रबंधन विकसित किया जाएगा।

सामाजिक कल्याण और युवा सशक्तिकरण

संकल्प पत्र में समाज के हर वर्ग का ध्यान रखा गया है महिलाओं के लिए पिंक टॉयलेट और मजबूत सुरक्षा तंत्र।युवाओं के लिए मुफ्त हाई-स्पीड वाई-फाई, आधुनिक पुस्तकालय और कौशल विकास मेलों का आयोजन।बुजुर्गों के लिए 24/7 स्वास्थ्य परामर्श और वरिष्ठ नागरिक सुविधाएं। स्वच्छता प्लास्टिक रीसाइक्लिंग और घर-घर कचरा संग्रहण की आधुनिक व्यवस्था।

"घोषणा नहीं, धरातल पर काम"

अंत में अनिल शर्मा ने विश्वास जताया कि मंडी की जनता भाजपा के विकास मॉडल पर भरोसा जताएगी। उन्होंने कहा कि इंदिरा मार्केट से लेकर ओहल पेयजल योजना तक, भाजपा की विकासात्मक सोच आज भी मंडी की पहचान है।

उन्होंने दावा किया कि जनता एक बार फिर भाजपा को नगर निगम में भारी बहुमत से विजयी बनाएगी। इस अवसर पर विधायक इंद्र सिंह गांधी, भाजपा प्रदेश महामंत्री पायल वैद्य, जिला अध्यक्ष निहाल चंद, पूर्व महापौर वीरेंद्र भट्ट तथा मीडिया प्रभारी राकेश वालिया विशेष रूप से उपस्थित रहे।

इस खबर को शेयर करें