मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

अग्निवीर भर्ती ठगी में युवतियां भी गिरोह का हिस्सा, 700 अभ्यर्थियों का जुटाया था डाटा

सार

अग्निवीर भर्ती के नाम पर युवाओं से ठगी करने वाले गिरोह के नेटवर्क में युवतियों के शामिल होने का भी खुलासा हुआ है। प्रारंभिक जांच के अनुसार युवतियां अभ्यर्थियों को फोन कर अपने जाल में फंसाती थीं और उन्हें दलालों से मिलवाती थीं। धर्मशाला भर्ती के दौरान गिरोह ने करीब 700 अभ्यर्थियों का डाटा जुटाया था। मामले में दो आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं, जबकि तीन फरार हैं।

3 मिनट
अग्निवीर भर्ती ठगी में युवतियां भी गिरोह का हिस्सा, 700 अभ्यर्थियों का जुटाया था डाटा

दो आरोपी गिरफ्तार, तीन फरार; सेना में भर्ती के नाम पर 2 से 5 लाख रुपये की ठगी और डंकी रूट से विदेश भेजने का लालच देने का खुलासा

अग्निवीर भर्ती रैली में युवाओं को सेना में भर्ती करवाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के नेटवर्क को लेकर जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। प्रारंभिक जांच के अनुसार इस गिरोह में युवतियां भी शामिल थीं। युवतियां अभ्यर्थियों को फोन कर उनसे संपर्क करती थीं और सेना में भर्ती करवाने का झांसा देकर उन्हें गिरोह के दलालों तक पहुंचाने का काम करती थीं।

जांच एजेंसियों को यह भी जानकारी मिली है कि सेना में भर्ती नहीं हो पाने वाले कुछ युवाओं को गिरोह की ओर से डंकी रूट के जरिए विदेश भेजने का लालच दिया जाता था। यानी गिरोह भर्ती के नाम पर युवाओं से पैसे ऐंठने के साथ-साथ असफल अभ्यर्थियों को अवैध तरीके से विदेश भेजने का नेटवर्क भी चला रहा था।

धर्मशाला भर्ती में सक्रिय थे पांच दलाल

जांच के अनुसार धर्मशाला में आयोजित अग्निवीर भर्ती के दौरान गिरोह के पांच दलाल सक्रिय थे। इनमें से दो आरोपियों को मिलिट्री इंटेलिजेंस और धर्मशाला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि तीन आरोपी अभी फरार हैं।

फरार आरोपियों की तलाश के लिए पटियाला पुलिस और मिलिट्री इंटेलिजेंस की टीमें लगातार अभियान चला रही हैं। प्रारंभिक जांच में गिरोह के तार हिमाचल और हरियाणा के अलावा देश के अन्य हिस्सों तक जुड़े होने के संकेत मिले हैं।

करीब 700 अभ्यर्थियों का जुटाया था डाटा

जांच एजेंसियों के अनुसार धर्मशाला में हुई अग्निवीर भर्ती के दौरान गिरोह ने करीब 700 अभ्यर्थियों का डाटा जुटाया था। इसमें ऐसे अभ्यर्थी भी शामिल थे, जो शारीरिक दक्षता परीक्षा और मेडिकल जांच में सफल हो चुके थे, जबकि कुछ अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया से बाहर हो गए थे।

आरोपियों ने इन अभ्यर्थियों के मोबाइल नंबर और अन्य व्यक्तिगत जानकारियां जुटाकर उन्हें सेना में भर्ती करवाने का झांसा देने की तैयारी की थी। जांच में सामने आया है कि अभ्यर्थियों को उनकी भर्ती करवाने के नाम पर दो, तीन और पांच लाख रुपये तक की रकम मांगने का लालच दिया जाता था।

कुछ अभ्यर्थियों के मूल दस्तावेज भी आरोपियों के पास होने की बात सामने आई है। एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि ये दस्तावेज आरोपियों तक कैसे पहुंचे और कितने अभ्यर्थी इस नेटवर्क के संपर्क में आए।

देशभर में फैले नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही एजेंसियां

मामले की गंभीरता को देखते हुए पटियाला पुलिस, मिलिट्री इंटेलिजेंस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मिलकर जांच कर रही हैं। गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल फोन, संपर्कों, अभ्यर्थियों की सूची और बरामद दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है।

जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि करीब 700 अभ्यर्थियों का डाटा कहां से जुटाया गया था और इससे पहले गिरोह ने कितने युवाओं को अपने जाल में फंसाने का प्रयास किया।

पूछताछ के बाद सामने आ सकते हैं और नाम

एसपी कांगड़ा ने बताया कि मामले में दो आरोपियों को पटियाला पुलिस ने अपनी गिरफ्त में लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश भी संबंधित पुलिस की ओर से की जा रही है।

एजेंसियों को आशंका है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और उनके संपर्कों की जांच के बाद गिरोह से जुड़े कई और नाम सामने आ सकते हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में इस मामले में गिरफ्तारियों का दायरा बढ़ने की संभावना है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

  • अग्निवीर भर्ती
  • ठगी
  • युवतियां
  • सेना भर्ती
  • अभ्यर्थी
  • गिरोह

इस खबर को शेयर करें