मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

हिमाचल में ई-बसों का इंतजार और बढ़ा; दोबारा ट्रायल में एक रूट पर फेल हुई बस, निगम ने रोकी 100 बसों की डिलीवरी

सार

हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (HRTC) के बेड़े में नई इलेक्ट्रिक बसों (E-Buses) के शामिल होने का इंतजार कर रहे प्रदेश के यात्रियों को अभी और लंबा इंतजार करना पड़ेगा।

2 मिनट
हिमाचल में ई-बसों का इंतजार और बढ़ा; दोबारा ट्रायल में एक रूट पर फेल हुई बस, निगम ने रोकी 100 बसों की डिलीवरी

शिमला:

हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (HRTC) के बेड़े में नई इलेक्ट्रिक बसों (E-Buses) के शामिल होने का इंतजार कर रहे प्रदेश के यात्रियों को अभी और लंबा इंतजार करना पड़ेगा।

एचआरटीसी द्वारा दोबारा करवाए गए ट्रायल में एक इलेक्ट्रिक बस माइलेज के मोर्चे पर फेल साबित हुई है। हालांकि बस में कोई तकनीकी खराबी (Technical Snag) सामने नहीं आई, लेकिन यह टेंडर की शर्तों के मुताबिक 180 किलोमीटर की तय माइलेज देने में पूरी तरह नाकाम रही है।

15 रूटों पर दोबारा हुआ ट्रायल, 1 पर अटकी बात

एचआरटीसी ने पहले प्रदेश के 36 अलग-अलग रूटों पर इन इलेक्ट्रिक बसों का ट्रायल करवाया था, जिनमें से 15 रूटों पर खामियां पाई गई थीं। इन 15 रूटों पर जब दोबारा ट्रायल करवाया गया, तो 14 रूटों पर बस सफल रही।

लेकिन केवल एक रूट पर बस की माइलेज उम्मीद से कम आई, जिसके बाद एचआरटीसी प्रबंधन ने सख्त रुख अपनाते हुए बसों की डिलीवरी लेने से साफ इंकार कर दिया है। निगम का तर्क है कि टेंडर की शर्तों के अनुसार जब तक बसें हर पैमाने पर पूरी तरह तैयार नहीं होंगी, तब तक उनकी डिलीवरी नहीं ली जाएगी।

कंपनी का दावा: खराब सड़क के कारण घटी माइलेज, PWD करेगी जांच

दूसरी ओर, बस निर्माता कंपनी का कहना है कि जिस रूट पर माइलेज कम आई है, वहाँ सड़क की हालत बेहद खस्ता है, जिसके कारण बैटरी पर ज्यादा दबाव पड़ा। कंपनी के अधिकारियों ने इस सिलसिले में अतिरिक्त मुख्य सचिव (परिवहन) आरडी नजीम से मुलाकात कर अपनी स्थिति स्पष्ट की है।

कंपनी ने पहले ही 100 बसों को सोलन स्थित एचआरटीसी की वर्कशॉप में खड़ा कर दिया था, लेकिन निगम के सख्त रुख के बाद अब इन बसों को वापस परवाणु शिफ्ट कर दिया गया है। इस बीच, निगम प्रबंधन ने फैसला लिया है कि सड़क की वास्तविक स्थिति का आकलन करने के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) की तकनीकी टीम की मदद ली जाएगी।

इसके लिए एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक (MD) डॉ. निपुण जिंदल ने लोक निर्माण विभाग को बकायदा पत्र लिखकर तकनीकी रिपोर्ट मांगी है।

करोड़ों का टेंडर, तय समय पर डिलीवरी देने में फेल हुई कंपनी

गौरतलब है कि वर्ष 2025 में एचआरटीसी ने 'ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक लिमिटेड' को 424.01 करोड़ रुपये की लागत से 297 इलेक्ट्रिक बसों की खरीद का ऑर्डर जारी किया था। टेंडर की शर्तों के तहत कंपनी को 11 महीने के भीतर यह ऑर्डर पूरा करना था।

अनुबंध के अनुसार कंपनी को 9 जनवरी तक 50 प्रतिशत यानी 149 बसों की डिलीवरी करनी अनिवार्य थी, लेकिन कंपनी इस समय-सीमा (Deadline) को पूरा करने में पूरी तरह विफल रही है। अब माइलेज के इस नए विवाद ने हिमाचल में ग्रीन ट्रांसपोर्टेशन के इस बड़े प्रोजेक्ट को और आगे लटका दिया है।

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें