मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

सऊदी अरब से साढ़े तीन साल बाद घर लौट रहा हिमाचली युवक रास्ते में लूटा, बस में नशीला पदार्थ पिलाकर किया बेसुध

सार

सऊदी अरब से साढ़े तीन साल बाद अपने घर लौट रहे हिमाचल के एक प्रवासी युवक के साथ रास्ते में बेरहमी से लूटपाट का मामला सामने आया है।

3 मिनट
सऊदी अरब से साढ़े तीन साल बाद घर लौट रहा हिमाचली युवक रास्ते मे��ं लूटा, बस में नशीला पदार्थ पिलाकर किया बेसुध

ऊना

सऊदी अरब से साढ़े तीन साल बाद अपने घर लौट रहे हिमाचल के एक प्रवासी युवक के साथ रास्ते में बेरहमी से लूटपाट का मामला सामने आया है। जिला ऊना के फतेहपुर निवासी सतनाम सिंह को दिल्ली से हिमाचल आते समय बस में किसी अज्ञात शातिर ने नशीला पदार्थ पिलाकर बेसुध कर दिया और उसका सारा सामान लेकर रफूचक्कर हो गया।

युवक को अत्यंत गंभीर व बेहोशी की हालत में क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भर्ती करवाया गया है, जहां चिकित्सकों की कड़ी निगरानी में उसका उपचार चल रहा है।

एयरपोर्ट से घर के लिए बैठा था बस में

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित सतनाम सिंह पिछले करीब साढ़े तीन वर्षों से सऊदी अरब में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। वह वीरवार शाम करीब साढ़े सात बजे सऊदी अरब से दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचा था।

इसके बाद वह अपने घर लौटने के लिए दिल्ली से हिमाचल की ओर आने वाली एक बस में सवार हुआ। बताया जा रहा है कि दिल्ली से नंगल के बीच सफर के दौरान ही किसी अज्ञात सह-यात्री ने झांसे में लेकर उसे कोई नशीला पदार्थ पिला दिया, जिसके कुछ ही देर बाद वह बस की सीट पर ही पूरी तरह बेसुध हो गया।

सह-यात्रियों की सूझबूझ से परिजनों को मिली सूचना

सफर के दौरान जब बस में मौजूद अन्य यात्रियों ने युवक की हालत बिगड़ती और उसे पूरी तरह अचेत देखा, तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना बस कंडक्टर को दी। इसके बाद युवक के पास से मिले संपर्कों के जरिए उसके परिजनों को मामले से अवगत करवाया गया।

सूचना मिलते ही सहमे हुए परिजन तुरंत नंगल पहुंचे और सतनाम को बस से उतारकर अचेत अवस्था में ही उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना लेकर आए।

पासपोर्ट, बैग और नकदी सब गायब

पीड़ित युवक की पत्नी प्रवीण कुमारी ने बताया कि सतनाम के पास मौजूद उनका पासपोर्ट, कीमती सामान से भरा बैग और अन्य जरूरी दस्तावेज पूरी तरह गायब हैं। परिजनों ने आशंका जताई है कि शातिरों ने सोची-समझी साजिश के तहत उसे निशाना बनाया और जहरखुरानी का शिकार बनाकर उसकी गाढ़ी कमाई व दस्तावेज लूट लिए।

पत्नी के अनुसार, सतनाम अभी पूरी तरह होश में नहीं आया है और उसके पूरी तरह ठीक होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि असल में कितनी नकदी और क्या-क्या सामान चोरी हुआ है।

विधायक सतपाल सत्ती ने जाना हाल, पुलिस जांच शुरू

घटना की भनक लगते ही स्थानीय विधायक सतपाल सिंह सत्ती भी तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचे। उन्होंने पीड़ित युवक का कुशलक्षेम जाना और डॉक्टरों से उसके स्वास्थ्य की जानकारी ली।

विधायक सत्ती ने पुलिस प्रशासन से इस गंभीर मामले में तुरंत कड़ी कार्रवाई करने और दिल्ली-हिमाचल रूट की बसों के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों को जल्द दबोचने का आग्रह किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और युवक के होश में आने का इंतजार किया जा रहा है।

इस खबर को शेयर करें