अनुराग ठाकुर बोले- दीक्षांत शिक्षा का अंत नहीं, जीवनभर सीखते रहने की प्रक्रिया; विकसित भारत के निर्माण में योगदान का किया आह्वान
भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपल आईटी) ऊना का दीक्षांत समारोह वीरवार को लता मंगेशकर कला केंद्र, समूर कलां में गरिमापूर्ण माहौल में आयोजित किया गया। समारोह में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद अनुराग ठाकुर और राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार भी विशेष रूप से मौजूद रहे। राज्यपाल और दोनों सांसदों ने उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान विद्यार्थियों के चेहरे पर उपलब्धि की खुशी साफ नजर आई।
राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि दीक्षांत समारोह केवल डिग्री प्राप्त करने का अवसर नहीं, बल्कि नई जिम्मेदारियों और संभावनाओं के साथ जीवन के अगले चरण में प्रवेश करने का महत्वपूर्ण पड़ाव है।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के पास डिग्री के साथ ज्ञान, कौशल, संस्कार और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी है। राज्यपाल ने ट्रिपल आईटी ऊना की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान तकनीकी शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल को प्रौद्योगिकी और ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था की ओर ले जाने में संस्थान का योगदान अहम है। इस वर्ष एमटेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (डेटा साइंस) के प्रथम बैच के विद्यार्थियों को भी उपाधियां प्रदान की गईं।
सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि दीक्षांत समारोह शिक्षा का अंत नहीं है, बल्कि जीवनभर सीखने की शुरुआत है। भारतीय ज्ञान परंपरा में शिक्षा को अनंत बताते हुए उन्होंने विद्यार्थियों से हमेशा सीखने की भावना बनाए रखने का आह्वान किया।
उन्होंने सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़ और विराट कोहली जैसे महान खिलाड़ियों का उदाहरण देते हुए कहा कि सफलता हासिल करने के बावजूद उन्होंने सीखना कभी नहीं छोड़ा। अनुराग ठाकुर ने कहा कि गुरु और संस्थान से मिले ज्ञान, संस्कार और मार्गदर्शन का समाज और देश के हित में उपयोग करना ही दीक्षांत की वास्तविक सफलता है।
उन्होंने विद्यार्थियों को भारत का भविष्य बताते हुए विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube