सेहल पंचायत में वाटरशेड विकास घटक 2.0 के तहत कार्यक्रम, सांसद ने श्मशान घाट और सड़क के लिए 5-5 लाख देने की घोषणा की
उपमंडल बैजनाथ की ग्राम पंचायत सेहल में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के वाटरशेड विकास घटक 2.0 के तहत किसानों के लिए इलेक्ट्रिक स्प्रे पंप वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की और करीब 200 किसानों को इलेक्ट्रिक स्प्रे पंप वितरित किए।
इस दौरान अनुराग शर्मा ने कहा कि वह हिमाचल प्रदेश सहित बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। प्रदेश से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों और लोगों की आवश्यकताओं को केंद्र सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाना उनकी प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि हाल ही में रेल मंत्री से मुलाकात कर पठानकोट-जोगिंद्रनगर रेल लाइन को ब्रॉडगेज में बदलने की मांग प्रमुखता से उठाई गई है। रेल मंत्री ने इस दिशा में आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया है।
बैजनाथ में करोड़ों रुपये के विकास कार्य जारी
सांसद ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनकल्याण और विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। सुख आश्रय योजना के माध्यम से निराश्रित बच्चों को ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ के रूप में विभिन्न सुविधाएं दी जा रही हैं।
वहीं, राजीव गांधी स्टार्ट-अप योजना के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार और रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती को भी बढ़ावा दिया जा रहा है और प्राकृतिक खेती से तैयार फसलों की बेहतर कीमत पर खरीद सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
अनुराग शर्मा ने बताया कि बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र में 92 करोड़ रुपये की पेयजल योजना पर काम चल रहा है। इसके अलावा 60 करोड़ रुपये की लागत से विद्युत सब-स्टेशन स्थापित किया जा रहा है।
करीब 28 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बैजनाथ-पपरोला बाईपास के लिए प्रदेश सरकार ने 1 करोड़ 32 लाख रुपये जारी किए हैं। वहीं, 18 लाख रुपये की लागत से आधुनिक बस अड्डे का निर्माण पूरा हो चुका है, जिसे जल्द जनता को समर्पित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में खेल सुविधाओं को मजबूत करने के लिए 5 करोड़ रुपये की लागत से इनडोर स्टेडियम और खीरगंगा घाट के विकास के लिए 2 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है।
सेहल पंचायत के लिए कई घोषणाएं
राज्यसभा सांसद ने ग्राम पंचायत सेहल में श्मशान घाट के सुदृढ़ीकरण के लिए 5 लाख रुपये और वार्ड नंबर-1 में सड़क निर्माण के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा की। लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए ट्यूबवेल लगाने की भी घोषणा की गई। उन्होंने सेहल के खेल मैदान के सुदृढ़ीकरण और मरम्मत के लिए खेल मंत्री से समन्वय कर आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।
क्षेत्र में कम वोल्टेज की समस्या के समाधान के लिए विद्युत ट्रांसफार्मर को अपग्रेड करने की बात भी कही गई। सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए और जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
200 किसानों को मिले इलेक्ट्रिक स्प्रे पंप
विभागीय अधिकारियों ने वाटरशेड विकास घटक 2.0 की जानकारी देते हुए बताया कि योजना का मुख्य उद्देश्य वर्षा पर निर्भर किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधाएं उपलब्ध करवाना है।
योजना के तहत सिंचाई नहरों और तालाबों का निर्माण करने के साथ किसानों को आवश्यक कृषि उपकरण भी उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सेहल पंचायत में करीब 200 किसानों को इलेक्ट्रिक स्प्रे पंप दिए गए हैं। इससे किसानों को कृषि कार्यों और फसल प्रबंधन में सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों और महिला मंडलों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। अनुराग शर्मा ने प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए 11 हजार रुपये देने की घोषणा की।
कार्यक्रम में एसडीएम संकल्प गौतम, बीडीओ डॉ. विवेक गुलेरिया, जिला परिषद सदस्य राम लाल, बीडीसी सदस्य रविंदर कुमार, पंचायत प्रधान सन्नी कपूर, उपप्रधान भीखम राम सहित विभिन्न पंचायत प्रतिनिधि, कांग्रेस पदाधिकारी, विभागीय अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube