मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

चौहार घाटी को मिलेगी सब्जी मंडी की सौगात, टिक्कन में अस्थायी मंडी शुरू करने की तैयारी तेज

सार

चौहार घाटी के किसानों और बागवानों की सब्जी मंडी की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करने की दिशा में एपीएमसी ने कदम तेज कर दिए हैं। टिक्कन में दो संभावित स्थलों का निरीक्षण किया गया। अस्थायी मंडी के लिए दो से तीन बीघा निजी भूमि उपलब्ध करवाने का विकल्प सामने आया है।

TV Incharge

2 मिनट
चौहार घाटी को मिलेगी सब्जी मंडी की सौगात, टिक्कन में अस्थायी मंडी शुरू करने की तैयारी तेज

एपीएमसी चेयरमैन संजीव गुलेरिया ने दो संभावित स्थलों का किया निरीक्षण, निजी भूमि मिलने पर एक महीने में शुरू हो सकता है काम

चौहार घाटी के किसानों और बागवानों की वर्षों पुरानी सब्जी मंडी की मांग अब पूरी होने की दिशा में आगे बढ़ती नजर आ रही है। एपीएमसी चेयरमैन संजीव गुलेरिया ने बुधवार को अपनी टीम के साथ धमच्यान पंचायत के टिक्कन पहुंचकर सब्जी मंडी के लिए दो संभावित स्थलों का निरीक्षण किया।

इस दौरान स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया। निरीक्षण के दौरान दो-तीन स्थानीय लोगों ने अस्थायी सब्जी मंडी के लिए करीब दो से तीन बीघा निजी भूमि उपलब्ध करवाने की इच्छा भी जताई।

गौरतलब है कि वर्ष 2017 में टिक्कन में सब्जी मंडी का शिलान्यास किया गया था। इसके लिए करीब दस बीघा वन भूमि को मंडी निर्माण के लिए हस्तांतरित करवाने और आवश्यक स्वीकृतियां लेने की प्रक्रिया शुरू हुई थी।

हालांकि, वर्ष 2024 में विभागीय स्तर पर लगभग 20 आपत्तियां लगने के कारण मामला लंबित हो गया। एपीएमसी चेयरमैन संजीव गुलेरिया ने स्पष्ट किया कि उनकी पहली प्राथमिकता प्रस्तावित दस बीघा वन भूमि को एपीएमसी के नाम हस्तांतरित करवाने और वन विभाग से जरूरी स्वीकृति लेने की रहेगी।

इसके बाद यहां आधुनिक सब्जी मंडी का निर्माण करवाया जाएगा। वहीं, निजी भूमि उपलब्ध होने पर अस्थायी मंडी शुरू करने का विकल्प भी तैयार किया जा रहा है।

इस दौरान राजस्व विभाग के पटवारी, पंचायत प्रधान, बीडीसी प्रतिनिधियों और क्षेत्र के वरिष्ठ लोगों के साथ बैठक भी की गई। चेयरमैन ने स्थानीय लोगों से निजी भूमि उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया में सहयोग देने, भूमि का ततीमा तैयार करवाने और पंचायत प्रस्ताव जल्द पारित करवाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में ही वह टिक्कन सब्जी मंडी का निर्माण करवाना चाहते हैं। मंडी निर्माण के लिए धन की कोई कमी नहीं है। भूमि संबंधी औपचारिकताएं जल्द पूरी होने पर आने वाले सीजन को ध्यान में रखते हुए एक महीने के भीतर अस्थायी मंडी का काम शुरू करवाने की दिशा में कदम उठाए जा सकते हैं।

संजीव गुलेरिया ने कहा कि आधुनिक सब्जी मंडी बनने से चौहार घाटी के किसानों और बागवानों को अपनी नकदी फसलों की बिक्री के लिए बेहतर मंच मिलेगा। इससे उन्हें उपज का उचित बाजार उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी और क्षेत्र की आर्थिकी को मजबूती मिलेगी।

वहीं, प्रेस क्लब मंडी के अध्यक्ष सुभाष ठाकुर ने कहा कि वह चौहार घाटी से संबंध रखते हैं और किसानों-बागवानों की समस्याओं को लगातार सरकार और प्रशासन के समक्ष उठाते रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि टिक्कन सब्जी मंडी की लंबित मांग जल्द पूरी होगी।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें