मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

ततापानी-सलापड़ सड़क चार महीने से बंद, राकेश जमवाल ने सरकार से मांगी तुरंत बस सेवा

सार

सुंदरनगर में भाजपा विधायक राकेश जमवाल ने विधानसभा में ततापानी-सलापड़ सड़क के बाली-कैंची के पास भूस्खलन से बंद मार्ग का मुद्दा उठाया। उन्होंने मुख्य सड़क को जल्द बहाल करने के साथ चनीकर-हाड़ाबोई वैकल्पिक मार्ग पर तुरंत नियमित बस सेवा शुरू करने की मांग की।

2 मिनट
ततापानी-सलापड़ सड़क चार महीने से बंद, राकेश जमवाल ने सरकार से मांगी तुरंत बस सेवा

चनीकर-हाड़ाबोई वैकल्पिक मार्ग फिटनेस में पास, विधायक बोले- उद्घाटन का इंतजार नहीं, तुरंत चलाएं बस

भाजपा विधायक राकेश जमवाल ने विधानसभा के मानसून सत्र में नियम-62 के तहत ततापानी-सलापड़ सड़क के बाली-कैंची के पास भूस्खलन से पिछले चार महीने से बंद पड़े मार्ग का मुद्दा उठाया।

उन्होंने सरकार से मुख्य सड़क को जल्द बहाल करने और तब तक वैकल्पिक मार्ग पर नियमित बस सेवा शुरू करने की मांग की। जमवाल ने कहा कि ततापानी-सलापड़ सड़क सुंदरनगर के साथ शिमला ग्रामीण, सुन्नी, रामपुर, आनी और किन्नौर को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है।

इस सड़क के निर्माण के लिए केंद्र सरकार से सीआरएफ के तहत 219.43 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं और इसे डबल लेन बनाने का काम जारी है।

राकेश जमवाल ने कहा कि बाली-कैंची के पास सड़क क्षतिग्रस्त होने से धन्यारा, हाड़ाबोई और सोझा पंचायतों सहित आसपास के हजारों लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। विद्यार्थियों को कॉलेज और आईटीआई पहुंचने के लिए कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ रहा है, जबकि मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में भी परेशानी हो रही है।

उन्होंने कहा कि चनीकर-हाड़ाबोई वैकल्पिक सड़क को 28 जुलाई 2026 को संयुक्त फिटनेस समिति बसों और बड़े वाहनों के लिए उपयुक्त घोषित कर चुकी है, फिर भी इस मार्ग पर नियमित बस सेवा शुरू नहीं की गई है।

उन्होंने मुख्यमंत्री से किसी उद्घाटन या औपचारिकता का इंतजार किए बिना तुरंत बस सेवा शुरू करने के आदेश जारी करने की मांग की। विधायक ने कहा कि वैकल्पिक मार्ग से करीब पांच किलोमीटर अतिरिक्त दूरी जरूर तय करनी पड़ेगी, लेकिन इससे क्षेत्र की जनता को बड़ी राहत मिलेगी।

विधायक ने सरकार से भूस्खलन प्रभावित मुख्य सड़क की बहाली में तेजी लाने के साथ स्थायी समाधान के लिए वैकल्पिक मार्ग और बाईपास के निर्माण को प्राथमिकता देने की मांग की।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने इस महत्वपूर्ण सड़क के लिए बड़ी राशि उपलब्ध कराई है, इसलिए प्रदेश सरकार की जिम्मेदारी है कि जनता को इसका लाभ समय पर मिले। यह सड़क शिमला क्षेत्र को बिलासपुर, सुंदरनगर और आगे चंडीगढ़ से जोड़ने के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है।

जमवाल ने सरकार से रिपोर्ट और आश्वासनों तक सीमित न रहते हुए जमीन पर काम तेज करने और वैकल्पिक मार्ग की बस सेवा बहाल करने की मांग की।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें