मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

सुजानपुर सिविल अस्पताल में निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर की अनुमति रद्द, राजेंद्र राणा ने सरकार पर साधा निशाना

सार

सुजानपुर सिविल अस्पताल में सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट की ओर से 6 सितंबर को प्रस्तावित निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर को अस्पताल प्रशासन ने अनुमति नहीं दी। ट्रस्ट अध्यक्ष राजेंद्र राणा ने आरोप लगाया कि सरकार के दबाव में शिविर की अनुमति रद्द की गई है। उन्होंने कहा कि शिविर में पीजीआई के डॉक्टर लोगों को निशुल्क जांच और उपचार की सुविधा देने वाले थे।

3 मिनट
सुजानपुर सिविल अस्पताल में निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर की अनुमति रद्द, राजेंद्र राणा ने सरकार पर साधा निशाना

सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट ने 6 सितंबर को आयोजित करना था शिविर; राजेंद्र राणा बोले- बड़े डॉक्टरों की निशुल्क सुविधा से आम जनता हुई वंचित

सुजानपुर सिविल अस्पताल में सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट की ओर से प्रस्तावित निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर को अस्पताल प्रशासन की ओर से अनुमति नहीं मिलने पर ट्रस्ट अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। ट्रस्ट की ओर से 6 सितंबर को यह शिविर आयोजित किया जाना था, लेकिन अनुमति नहीं मिलने के कारण अब शिविर नहीं लगाया जाएगा।

राजेंद्र राणा ने कहा कि शिविर का सबसे अधिक नुकसान आम जनता और उन मरीजों को होगा, जो लंबे समय से विशेषज्ञ डॉक्टरों से जांच और इलाज की सुविधा मिलने का इंतजार कर रहे थे।

20 जुलाई को किया था अनुमति के लिए आवेदन

राजेंद्र राणा ने बताया कि सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट की ओर से 20 जुलाई को बीएमओ सुजानपुर के पास स्वास्थ्य जांच शिविर लगाने की अनुमति के लिए आवेदन किया गया था। उस समय ट्रस्ट को बताया गया था कि शिविर के लिए अस्पताल में स्थान उपलब्ध करवाया जाएगा।

कई दिन बीतने के बाद भी अनुमति नहीं मिलने पर ट्रस्ट की ओर से बीएमओ से संपर्क किया गया। राणा के अनुसार, उन्हें बताया गया कि अनुमति के लिए सीएमओ हमीरपुर को पत्र भेजा गया है। इसके बाद सीएमओ कार्यालय की ओर से स्वास्थ्य निदेशक को पत्र भेजा गया।

उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य निदेशक कार्यालय ने मामले पर निर्णय लेने के लिए इसे वापस सीएमओ हमीरपुर को भेज दिया। इसके बाद सीएमओ हमीरपुर की ओर से बीएमओ सुजानपुर को भेजे गए पत्र में अस्पताल परिसर में निर्माण कार्य चलने और जगह की कमी का हवाला देते हुए शिविर की अनुमति नहीं देने की बात कही गई।

राजेंद्र राणा ने सरकार पर लगाए आरोप

राजेंद्र राणा ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य का हवाला देकर शिविर की अनुमति रद्द करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि शिविर अस्पताल परिसर में लगाया जाना था, जबकि निर्माण कार्य दूसरी जगह चल रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के दबाव में लोगों को मिलने वाली निशुल्क स्वास्थ्य सुविधा को रोका गया है।

राणा ने कहा कि लोगों को पीजीआई जैसे बड़े संस्थानों में इलाज के लिए हजारों रुपये खर्च कर जाने पड़ते हैं। ऐसे में पीजीआई के डॉक्टर अगर लोगों के घर-द्वार के पास पहुंचकर निशुल्क जांच और उपचार की सुविधा देने के लिए तैयार थे, तो इससे आम जनता को बड़ी राहत मिलती।

25 साल से सेवा कर रहा ट्रस्ट

राजेंद्र राणा ने कहा कि सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट पिछले 25 वर्षों से प्रदेश और प्रदेश के बाहर लोगों की सेवा के लिए काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि जिन मरीजों की बड़े अस्पतालों और विशेषज्ञ डॉक्टरों तक पहुंच नहीं हो पाती, उनके लिए इस तरह के स्वास्थ्य शिविर बेहद महत्वपूर्ण हैं।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता से सितंबर में विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर लगाने का वादा किया गया था, लेकिन अनुमति नहीं मिलने के कारण अब यह शिविर आयोजित नहीं हो पाएगा।

राणा ने कहा कि सरकार की ओर से अनुमति रद्द किए जाने से आम लोगों को मिलने वाली एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधा प्रभावित हुई है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें