मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

सुजानपुर में “एक से श्रेष्ठ” केंद्रों के मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित

सार

हमीरपुर के सुजानपुर क्षेत्र में “एक से श्रेष्ठ” केंद्रों के विद्यार्थियों के लिए सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 12 प्रतिभाशाली छात्रों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों और विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।

2 मिनट
सुजानपुर में “एक से श्रेष्ठ” केंद्रों के मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित

मति टीहरा पंचायत में आयोजित समारोह में 12 छात्रों को शैक्षणिक उपलब्धियों, अनुशासन और प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मिले पुरस्कार, अतिथियों ने बढ़ाया हौसला।

जिला हमीरपुर के सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मति टीहरा के गांव घरयाणा जस्वाला में “एक से श्रेष्ठ” केंद्रों के विद्यार्थियों के लिए भव्य पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचान देना और उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में लगातार बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना रहा।

समारोह में तीन केंद्रों के 12 विद्यार्थियों को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों, नियमित उपस्थिति, अनुशासन और विभिन्न प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन के आधार पर सम्मानित किया गया।

केंद्रों में वन महोत्सव के अवसर पर पेंटिंग प्रतियोगिता, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योग प्रतियोगिता और गणित प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था, जिसके विजेता विद्यार्थियों को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।

86 विद्यार्थियों और अभिभावकों ने लिया भाग

पुरस्कार वितरण समारोह में तीनों केंद्रों से करीब 86 विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

समारोह के मुख्य अतिथि आर्मी अधिकारी दलीप कुमार रहे, जबकि महेंद्र सिंह और समाजसेवी इंदिरा देवी ने विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थिति दर्ज करवाई।

शिक्षा के साथ संस्कार और अनुशासन जरूरी: अतिथि

अपने संबोधन में अतिथियों ने कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और आत्मविश्वास बच्चों के जीवन में सफलता की नींव रखते हैं। उन्होंने “एक से श्रेष्ठ” अभियान से जुड़े शिक्षकों, स्वयंसेवकों और अभिभावकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह अभियान ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

वक्ताओं ने पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनके मार्गदर्शन और प्रेरणा से शुरू हुआ “एक से श्रेष्ठ” अभियान आज हजारों बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, व्यक्तित्व विकास और नैतिक मूल्यों से जोड़ने का कार्य कर रहा है।

बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ने का संकल्प

कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों और अभिभावकों ने अधिक से अधिक बच्चों को इस अभियान से जोड़ने और उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने का संकल्प लिया।

समारोह शिक्षा के प्रसार, बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के संदेश के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस दौरान विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई थी।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें