22 और 23 सितंबर को जिला आयुर्वेदिक अस्पताल में होंगे कार्यक्रम, निःशुल्क आयुर्वेदिक-होम्योपैथिक जांच के साथ BMD टेस्ट की सुविधा
आयुर्वेद दिवस के अवसर पर सोलन में लोगों को आयुर्वेद और विभिन्न आयुष चिकित्सा पद्धतियों से जोड़ने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। आयुष विभाग की ओर से जिले के अलग-अलग आयुष स्वास्थ्य केंद्रों में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों के साथ विभिन्न प्रतियोगिताएं भी करवाई जा रही हैं।
आयुर्वेद दिवस का मुख्य कार्यक्रम 22 और 23 सितंबर को जिला आयुर्वेदिक अस्पताल सोलन में आयोजित होगा। इस दौरान इंटर-स्कूल प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी, जिनमें क्विज, स्लोगन लेखन और योग प्रतियोगिता मुख्य आकर्षण रहेंगी। कार्यक्रम में समाजसेवी श्रीमती उर्मिल ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगी।
वहीं, 23 सितंबर को जिला आयुर्वेदिक अस्पताल सोलन में आयुष मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले का शुभारंभ विभाग के सेवानिवृत्त संयुक्त निदेशक तेजस्वी विजय आजाद करेंगे, जबकि समापन समारोह में उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
आयुष मेले में लोगों को आयुर्वेद और अन्य आयुष चिकित्सा पद्धतियों से जुड़ी जानकारी उपलब्ध करवाने के लिए विभिन्न प्रदर्शनियां और जागरूकता पंडाल लगाए जाएंगे। इनमें औषधीय पौधों, स्वस्थ आहार, पोषण और आयुर्वेदिक जीवनशैली से संबंधित जानकारी दी जाएगी।
मेले में लोगों के लिए निःशुल्क आयुर्वेदिक और होम्योपैथिक स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया जाएगा। इसके साथ ही निःशुल्क बीएमडी यानी Bone Mineral Density जांच की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. नीशा वर्मा पंवार ने बताया कि इस वर्ष आयुर्वेद दिवस ‘स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद’ थीम के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद केवल बीमारी का इलाज करने तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित आहार और रोगों की रोकथाम में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि 23 सितंबर को जिला आयुर्वेदिक अस्पताल सोलन में आयोजित आयुष मेले में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचें और निःशुल्क स्वास्थ्य जांच तथा विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं।
जिला आयुर्वेदिक अस्पताल सोलन की प्रभारी डॉ. अनीता गौतम ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि मेले में आम लोगों को स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ आयुर्वेद, होम्योपैथी और अन्य आयुष चिकित्सा पद्धतियों से जुड़ी उपयोगी जानकारी भी उपलब्ध करवाई जाएगी।
आयुर्वेद दिवस के अवसर पर आयोजित यह आयुष मेला लोगों को स्वास्थ्य जागरूकता के साथ निःशुल्क जांच और आयुष चिकित्सा पद्धतियों से जुड़ी जानकारी उपलब्ध करवाने का अवसर प्रदान करेगा।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube