बाल विज्ञान सम्मेलन में 500 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा, बोले सुनील शर्मा- भाजपा नेता बयानबाजी तक सीमित, प्रदेश में हो रहा विकास
हमीरपुर के सीनियर सेकेंडरी बाल स्कूल परिसर में ब्लॉक स्तरीय बाल विज्ञान सम्मेलन का शुभारंभ मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने किया। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर स्कूल प्रबंधन और विद्यार्थियों ने उनका स्वागत किया तथा शाल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
सम्मेलन में ब्लॉक के स्कूलों के 500 से अधिक विद्यार्थी हिस्सा ले रहे हैं। आगामी तीन दिनों तक विद्यार्थी अपने तैयार किए गए विज्ञान मॉडल प्रदर्शित करेंगे।
सुनील शर्मा बिट्टू ने बाल विज्ञान सम्मेलन में विद्यार्थियों की ओर से तैयार किए गए विज्ञान मॉडलों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और बच्चों से उनके मॉडलों के बारे में जानकारी भी ली।
उन्होंने कहा कि शिक्षा जीवन में बहुत महत्वपूर्ण है और इस तरह के सम्मेलन विद्यार्थियों को सीखने तथा अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने सम्मेलन में भाग लेने वाले विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य की कामना की।
जयराम ठाकुर के बयान पर पलटवार
पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए सुनील शर्मा बिट्टू ने आरोप लगाया कि जयराम ठाकुर ने अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान हमीरपुर से किनारा किया और जिले के विकास पर ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर को बार-बार हमीरपुर आकर देखना चाहिए कि यहां कितना विकास कार्य हो रहा है।
सुनील शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के दिल्ली जाने की बात करने के बजाय यह बताया जाना चाहिए कि जयराम ठाकुर ने अपने कार्यकाल में हमीरपुर के लिए कितना विकास करवाया। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में हमीरपुर में विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।
भाजपा नेताओं पर भी साधा निशाना
भाजपा विधायक सुधीर शर्मा की ओर से मुख्यमंत्री कार्यालय पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाने के बयान पर सुनील शर्मा ने कहा कि भाजपा नेता अनाप-शनाप बयानबाजी करने तक सीमित हैं और प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों पर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य और शिक्षा समेत विभिन्न क्षेत्रों में काम किया जा रहा है। उनके अनुसार प्रदेश में रोबोटिक सर्जरी शुरू हुई है और पीईटी स्कैन मशीनें लगाई गई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को विकास कार्यों के लिए किसी से प्रमाणपत्र लेने की जरूरत नहीं है।
सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य क्षेत्रों में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रही है। वहीं, बाल विज्ञान सम्मेलन के माध्यम से विद्यार्थियों को विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube