मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

सुजानपुर में बाइक के अंदर छिपा था 4 फीट लंबा जहरीला सांप, सर्विस के दौरान खुला राज

सार

हमीरपुर के सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के री में बाइक की सर्विस के दौरान अंदर से करीब चार फीट लंबा जहरीला सांप निकला। बाइक चालक तीन दिन से दुर्गंध और बाइक के मिसिंग मारने की समस्या से परेशान था। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर सांप को सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ दिया।

TV Incharge

3 मिनट
सुजानपुर में बाइक के अंदर छिपा था 4 फीट लंबा जहरीला सांप, सर्विस के दौरान खुला राज

तीन दिन से बाइक से आ रही थी दुर्गंध और बार-बार मार रही थी मिसिंग, फिल्टर से लिपटा मिला सांप; टीम ने सुरक्षित किया रेस्क्यू

हमीरपुर जिले के विधानसभा क्षेत्र सुजानपुर के री गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक बाइक की सर्विस के दौरान उसके अंदर करीब चार फीट लंबा जहरीला सांप छिपा मिला। बाइक के अंदर सांप देखकर मैकेनिक और बाइक मालिक दोनों हैरान रह गए। सूचना मिलने के बाद विभागीय टीम मौके पर पहुंची और सांप को सुरक्षित रेस्क्यू किया।

जानकारी के अनुसार री निवासी चन्कित चंदेल अपनी बाइक की सर्विस करवाने के लिए मैकेनिक की दुकान पर पहुंचे थे। बाइक की जांच के दौरान जैसे ही सीट कवर उठाकर फिल्टर चेक करने की प्रक्रिया शुरू की गई, मैकेनिक की नजर अंदर कुंडली मारकर बैठे सांप पर पड़ी। सांप ने बाइक के फिल्टर को बुरी तरह जकड़ रखा था। उसे देखते ही मैकेनिक घबरा गया और तुरंत पीछे हट गया।

तीन दिन से बाइक में आ रही थी दुर्गंध

बाइक चालक चन्कित चंदेल ने बताया कि पिछले करीब तीन दिनों से बाइक से अजीब तरह की दुर्गंध आ रही थी। इसके अलावा बाइक चलाते समय बार-बार मिसिंग मार रही थी। इसी समस्या के चलते वह बाइक को सर्विस करवाने के लिए मैकेनिक के पास लेकर पहुंचे थे।

उन्हें जरा भी अंदाजा नहीं था कि बाइक से आ रही दुर्गंध और उसके बार-बार मिसिंग मारने की वजह उसके अंदर छिपा सांप हो सकता है। जांच के दौरान जब बाइक का सीट कवर उठाकर फिल्टर को देखा गया तो वहां सांप मौजूद था।

फिल्टर से लिपटा था सांप

बताया गया कि सांप ने बाइक के फिल्टर को इस तरह जकड़ रखा था कि हवा की क्रॉसिंग प्रभावित हो रही थी। इसी वजह से बाइक के चलने में परेशानी आ रही थी और वह लगातार मिसिंग मार रही थी।

बाइक के अंदर सांप होने की जानकारी मिलते ही मौके पर विभागीय टीम को बुलाया गया। सूचना मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची और काफी सावधानी के साथ सांप को बाइक से बाहर निकाला।

सुरक्षित जंगल में छोड़ा सांप

रेस्क्यू टीम ने करीब चार फीट लंबे सांप को सुरक्षित रूप से पकड़ लिया। इसके बाद उसे प्राकृतिक वातावरण में जंगल में छोड़ दिया गया। सांप के सुरक्षित रेस्क्यू होने के बाद बाइक मालिक, मैकेनिक और मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।

बाइक चालक ने लोगों से की सावधानी बरतने की अपील

चन्कित चंदेल ने बताया कि वह पिछले तीन दिनों से लगातार बाइक पर सफर कर रहे थे, लेकिन उन्हें इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि जिस बाइक पर बैठकर वह सफर कर रहे हैं, उसकी सीट के नीचे एक जहरीला और खतरनाक सांप छिपा हुआ है।

उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वाहन चलाने से पहले समय-समय पर उसका निरीक्षण जरूर करें। खासकर लंबे समय तक खड़े रहने वाले वाहनों को चलाने से पहले उनकी अच्छी तरह जांच कर लेनी चाहिए, ताकि किसी भी तरह की जान-माल की घटना से बचाव हो सके।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें