मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

नगर निगम सोलन में पहली बार भाजपा का कब्जा, कांग्रेस के गढ़ में भाजपा की ऐतिहासिक सेंध

सार

हिमाचल प्रदेश के चार नगर निगमों के चुनावी महासंग्राम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोलन में पहली बार ऐतिहासिक जीत दर्ज कर कांग्रेस के इस सबसे मजबूत गढ़ को पूरी तरह ढहा दिया है।

2 मिनट
नगर निगम सोलन में पहली बार भाजपा का कब्जा, कांग्रे�स के गढ़ में भाजपा की ऐतिहासिक सेंध

सोलन

हिमाचल प्रदेश के चार नगर निगमों के चुनावी महासंग्राम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोलन में पहली बार ऐतिहासिक जीत दर्ज कर कांग्रेस के इस सबसे मजबूत गढ़ को पूरी तरह ढहा दिया है।

कुल 17 वार्डों वाले सोलन नगर निगम के दूसरे चुनाव में सत्ता परिवर्तन की ऐसी लहर चली कि भाजपा ने 10 सीटों पर शानदार जीत हासिल कर स्पष्ट बहुमत अपने नाम कर लिया। वहीं, सत्ताधारी दल कांग्रेस को महज 6 सीटों पर ही संतोष करना पड़ा, जबकि वार्ड नंबर-3 से गौरव राजपूत एकमात्र निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव जीतने में कामयाब रहे।

गौरतलब है कि साल 2020-21 में हुए निगम के पहले चुनाव में कांग्रेस ने यहां बंपर जीत दर्ज कर कब्जा जमाया था, लेकिन इस बार जनता ने विकास और बदलाव के पक्ष में वोट देकर सोलन निगम की चाबी पहली बार भाजपा को सौंप दी है।

आधी कैबिनेट का रसूख भी नहीं आया काम, दोनों पूर्व महापौर चुनाव हारीं

इस चुनाव परिणामों का सबसे रोचक और चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि कांग्रेस की तरफ से चुनाव मैदान में उतरीं दोनों पूर्व महापौर—उषा शर्मा और पूनम ग्रोवर को करारी हार का सामना करना पड़ा।

इस बार कांग्रेस ने सोलन को अपनी प्रतिष्ठा का प्रश्न बनाते हुए चुनाव प्रचार में अपनी आधी कैबिनेट को झोंक दिया था। उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार को खुद यहां का चुनाव प्रभारी बनाया गया था।

इसके साथ ही, स्थानीय विधायक व स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल तथा उनके पुत्र कर्नल संजय शांडिल का रसूख भी दांव पर लगा था। लेकिन भारी-भरकम मंत्रियों की फौज और सरकारी तंत्र का सत्ता बल भी सोलन की जागरूक जनता को रिझाने में नाकाम साबित हुआ और कांग्रेस के हाथों से निगम की सत्ता फिसल गई।

वार्डवार आंकड़ों में दिखा भाजपा का दबदबा, अब महापौर पद पर नजर

वार्डवार नतीजों पर नजर डालें तो भाजपा प्रत्याशियों ने कई वार्डों में एकतरफा बढ़त बनाई। वार्ड-2 में भाजपा की सुषमा को 791 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के सुनील कुमार महज 110 वोटों पर सिमट गए।

इसी तरह वार्ड-16 में भाजपा की सीमा ने 878 वोट पाकर कांग्रेस की अनीता (354) को बड़े अंतर से शिकस्त दी। हालांकि, कांग्रेस ने वार्ड-7 से पूजा, वार्ड-14 से सुलक्षणा और वार्ड-17 से अरुणा की जीत के जरिए कुछ हद तक लाज बचाने की कोशिश की, लेकिन यह बहुमत के आंकड़े से बहुत दूर रह गई।

इस ऐतिहासिक जीत के बाद भाजपा खेमे में जश्न का माहौल है। अब सोलन नगर निगम में महापौर और उपमहापौर के चुनाव की तैयारी शुरू हो गई है, जहां पूर्ण बहुमत होने के कारण भाजपा का पलड़ा पूरी तरह भारी है।

इस खबर को शेयर करें