मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक, हर परिवार को पर्याप्त और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध करवाने के निर्देश

सार

सोलन में जल जीवन मिशन के तहत जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। अतिरिक्त उपायुक्त दिव्यांशु सिंगल ने अधिकारियों को हर परिवार तक पर्याप्त और गुणवत्तापूर्ण पेयजल पहुंचाने तथा सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

TV Incharge

2 मिनट
जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक, हर परिवार को पर्याप्त और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध करवाने के निर्देश

अतिरिक्त उपायुक्त दिव्यांशु सिंगल ने जलापूर्ति योजनाओं के कार्य समय पर पूरा करने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा

जल जीवन मिशन के तहत जिला जल एवं स्वच्छता मिशन के संबंध में सोलन में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त सोलन दिव्यांशु सिंगल ने की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक परिवार को पर्याप्त एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल सुविधा उपलब्ध करवाना सुनिश्चित किया जाए।

जल जीवन मिशन के कार्य समय पर पूरे करने के निर्देश

अतिरिक्त उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल जीवन मिशन के तहत चल रहे सभी कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के उच्च मानकों को सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

दिव्यांशु सिंगल ने कहा कि पेयजल योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाना लोगों के स्वास्थ्य से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है।

उन्होंने विभागीय अधिकारियों से स्थानीय लोगों के साथ आपसी समन्वय स्थापित कर जल जीवन मिशन के लक्ष्यों को प्रभावी ढंग से पूरा करने को कहा।

स्कूलों और कार्यालयों के पेयजल टैंकों की सफाई के निर्देश

अतिरिक्त उपायुक्त ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को स्कूलों और कार्यालयों में स्थापित पेयजल टैंकों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा सभी होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट में उपयोग होने वाले पेयजल की गुणवत्ता की जांच करने को भी कहा।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक पंचायत में ‘हर घर जल’ की प्रमाणिकता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्राकृतिक जल स्रोतों की सफाई पर जोर

दिव्यांशु सिंगल ने पंचायत प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में प्राकृतिक पेयजल स्रोतों की सफाई और नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करें, ताकि स्थानीय लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।

उन्होंने आमजन से भी आग्रह किया कि वे अपने पेयजल की गुणवत्ता की जांच निर्धारित शुल्क जमा करवाकर जल शक्ति विभाग से करवा सकते हैं।

बैठक में परियोजनाओं की दी गई जानकारी

बैठक के दौरान जल शक्ति विभाग की ओर से जल जीवन मिशन के तहत संचालित विभिन्न परियोजनाओं की जानकारी दी गई। बैठक की कार्यवाही जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता आशीष राणा ने संचालित की।

इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा जल शक्ति विभाग के समस्त अधिकारी उपस्थित रहे।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

  • जल जीवन मिशन
  • पेयजल
  • समीक्षा बैठक
  • स्वच्छता मिशन
  • गुणवत्ता सुनिश्चित करना
  • ग्रामीण स्वास्थ्य
  • हर घर जल

इस खबर को शेयर करें