शिलाई-रोहनाट मार्ग पर भटनोल के समीप हुआ हादसा, ड्रोन की मदद से रातभर तलाश के बाद सोमवार सुबह दूसरे गांव के खेत में मिली मासूम
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में शिलाई-रोहनाट सड़क पर भटनोल के समीप दर्दनाक सड़क हादसे में पिता और सात वर्षीय बेटे की मौत हो गई। हादसे के बाद लापता हुई 11 वर्षीय बेटी सोमवार सुबह सुरक्षित मिल गई। मासूम के सकुशल मिलने से परिजनों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली, जबकि एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तहसील कार्यालय शिलाई में कार्यरत सोहन रविवार रात अपने निजी वाहन में बेटे और बेटी के साथ अपने घर कामोटा जा रहे थे। इसी दौरान भटनोल के समीप उनका वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि सोहन और उनके सात वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद रातभर लापता रही सात वर्षीय बेटी
हादसे के बाद सोहन की 11 वर्षीय बेटी का कोई पता नहीं चल पाया। इसके बाद परिजनों, ग्रामीणों और प्रशासन की ओर से बच्ची की तलाश शुरू की गई। रातभर तलाश अभियान चलाया गया, लेकिन बच्ची का कोई सुराग नहीं मिल पाया।
सोमवार सुबह एसडीएम जसपाल के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम और ग्रामीणों ने ड्रोन की मदद से तलाशी अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद बच्ची पास के दूसरे गांव में एक खेत में सुरक्षित मिली। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद बच्ची रात के समय घटनास्थल से अपने घर की ओर निकल पड़ी थी, लेकिन रास्ता भटकने के कारण दूसरे गांव पहुंच गई।
पिता-पुत्र की मौत से क्षेत्र में मातम
इस दर्दनाक सड़क हादसे ने शिलाई और आसपास के क्षेत्रों को झकझोर कर रख दिया है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से इलाके में मातम पसरा हुआ है। वहीं, रातभर लापता रही मासूम बेटी के सुरक्षित मिलने से परिजनों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube