मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

शिमला में धारा 118 के उल्लंघन पर घिरे अफसर: रेरा की मंजूरियों पर सचिवालय में हलचल, विजिलेंस से मांगी कानूनी राय

सार

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में धारा 118 से जुड़े संयुक्त विकास समझौते (ज्वाइंट डेवलपमेंट एग्रीमेंट-जेडीए) अब एक बड़े प्रशासनिक और कानूनी विवाद का रूप लेते जा रहे हैं।

3 मिनट
शिमला में ध��ारा 118 के उल्लंघन पर घिरे अफसर: रेरा की मंजूरियों पर सचिवालय में हलचल, विजिलेंस से मांगी कानूनी राय

शिमला।

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में धारा 118 से जुड़े संयुक्त विकास समझौते (ज्वाइंट डेवलपमेंट एग्रीमेंट-जेडीए) अब एक बड़े प्रशासनिक और कानूनी विवाद का रूप लेते जा रहे हैं।

राजस्व विभाग द्वारा उठाए गए तीखे सवालों के बाद, प्रदेश सरकार के आवास विभाग ने राज्य विजिलेंस एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को पत्र लिखकर इस मामले में कानूनी राय मांगी है।

हिमाचल प्रदेश रियल एस्टेट नियामक प्राधिकरण (रेरा) द्वारा दी गई मंजूरियों और इस पूरी प्रक्रिया में शामिल अधिकारियों की भूमिका को लेकर अब सचिवालय से लेकर राजस्व विभाग तक भारी हलचल मची हुई है।

कानून की मूल भावना के खिलाफ परोक्ष भूमि हस्तांतरण का अंदेशा

आवास विभाग के अतिरिक्त सचिव सुनील वर्मा की ओर से राज्य विजिलेंस ब्यूरो के महानिदेशक को भेजे गए पत्र में गहरी चिंता व्यक्त की गई है। सरकार को आशंका है कि राज्य की कई बड़ी रियल एस्टेट परियोजनाओं में ऐसे जेडीए को मंजूरी दी गई, जो हिमाचल प्रदेश भू-स्वामित्व एवं भूमि सुधार अधिनियम,

1972 की धारा 118 की मूल भावना के पूरी तरह खिलाफ हैं। पत्र के अनुसार, स्थानीय कृषकों और बाहरी गैर-कृषकों के बीच हुए कुछ समझौतों के जरिए चालाकी से परोक्ष रूप से (Indirectly) भूमि का नियंत्रण बाहरी पक्षों को सौंप दिया गया, जिस पर राजस्व विभाग ने पहले ही कड़ी आपत्ति जताई थी।

राजस्व विभाग की चेतावनियों को रेरा ने किया दरकिनार, खड़े हुए सवाल

इस पूरे मामले में प्रशासनिक लापरवाही और चुप्पी भी जांच के घेरे में है। राजस्व विभाग ने 7 नवंबर 2023 को एक स्पष्टीकरण जारी कर साफ किया था कि कई जेडीए सीधे तौर पर धारा 118 के नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं।

इसके बावजूद रेरा के स्तर पर इन संदिग्ध परियोजनाओं के खिलाफ कोई प्रभावी सुधारात्मक या दंडात्मक कार्रवाई नहीं की गई। इतना ही नहीं, आवास विभाग द्वारा इस संबंध में 4 जनवरी 2024 को भेजे गए एक पत्र का भी लंबे समय तक कोई जवाब नहीं दिया गया, जिससे विभाग और संबंधित अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

सख्त कानून को बाईपास करने का 'साझेदारी मॉडल' आया रडार पर

हिमाचल प्रदेश में धारा 118 हमेशा से एक बेहद संवेदनशील और महत्वपूर्ण विषय रहा है, जो बाहरी या गैर-कृषक लोगों द्वारा राज्य में कृषि भूमि खरीदने पर सख्त रोक लगाता है।

हालांकि, हाल के वर्षों में बिल्डरों और बाहरी निवेशकों ने इस कानून को बाईपास करने के लिए किसानों के साथ 'साझेदारी मॉडल' (JDA) अपना लिया। इस मॉडल में जमीन भले ही स्थानीय किसान के नाम रहती है, लेकिन उस पर होने वाले निर्माण, मुनाफे और व्यावसायिक नियंत्रण का पूरा मालिकाना हक डेवलपर के पास चला जाता है।

राजस्व विभाग का स्पष्ट मानना है कि यह तरीका कानून की आंख में धूल झोंकने जैसा है।

विजिलेंस जांच शुरू होने पर नपेंगे कई बड़े अधिकारी और बिल्डर

आवास विभाग ने अब मुख्य रूप से तीन बिंदुओं पर विजिलेंस से कानूनी राय मांगी है: पहला, क्या धारा 118 के इस संभावित उल्लंघन के लिए रेरा अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जा सकती है?

दूसरा, राजस्व विभाग की स्पष्ट आपत्तियों के बावजूद कार्रवाई क्यों रोकी गई? और तीसरा, विभागीय पत्राचार में हुई लंबी देरी और चुप्पी के पीछे क्या मंशा थी? सूत्रों का कहना है कि यदि विजिलेंस इस पर औपचारिक जांच शुरू करती है, तो प्रदेश की कई बड़ी रियल एस्टेट परियोजनाएं रद्द हो सकती हैं और फाइलें दबाने वाले कई रसूखदार अधिकारी व

बिल्डर सीधे कानूनी फंदे में आ सकते हैं।

इस खबर को शेयर करें