मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

सिर्फ रिज नहीं, पूरे शहर में बिखरेगा ग्रीष्मोत्सव-2026 का रंग: हेलीकॉप्टर जॉय राइड और 'एंटी-चिट्टा' जंग के साथ 8 जून से सजेगा महाकुंभ

सार

पहाड़ों की रानी शिमला की पहचान बन चुका 'अंतरराष्ट्रीय ग्रीष्मोत्सव-2026' (International Summer Festival) इस बार बिल्कुल नए तेवर, व्यापक स्वरूप और जनभागीदारी के एक बड़े विजन के साथ नजर आने वाला है।

3 मिनट
सिर्फ रिज नहीं, पूरे शहर में बिखरेगा ग्रीष्मोत्सव-2026 का रंग: हेलीकॉप्टर जॉय राइड और 'एंटी-चिट्टा' जंग के साथ 8 जून से सजेगा महाकुंभ

शिमला।

पहाड़ों की रानी शिमला की पहचान बन चुका 'अंतरराष्ट्रीय ग्रीष्मोत्सव-2026' (International Summer Festival) इस बार बिल्कुल नए तेवर, व्यापक स्वरूप और जनभागीदारी के एक बड़े विजन के साथ नजर आने वाला है।

अब तक केवल रिज मैदान की सांस्कृतिक शामों तक सिमट कर रह जाने वाला यह प्रतिष्ठित उत्सव इस बार स्कूलों, खेल के मैदानों, साहित्यिक मंचों और शहर के कोने-कोने तक अपनी पहुंच बनाएगा।

मंगलवार को शिमला में आयोजित एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जिला उपायुक्त (DC) अनुपम कश्यप ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में चल रहे पंचायती राज चुनावों और प्रशासनिक व्यस्तताओं के चलते ग्रीष्मोत्सव की तिथियों में थोड़ा बदलाव किया गया है।

अब इस महाउत्सव का भव्य आयोजन 8 से 12 जून, 2026 तक होगा। प्रशासन का मुख्य लक्ष्य इसे एक “जन सहभागिता उत्सव” के रूप में स्थापित करना है। इस बार पहली दफा सैलानी हेलीकॉप्टर के माध्यम से आसमान से शिमला की सात पहाड़ियों की खूबसूरती का दीदार (जॉय राइड) कर सकेंगे।

'श्यामला मंथन' और 'शिमला स्वाद महोत्सव' बनेंगे मुख्य आकर्षण

डीसी अनुपम कश्यप ने बताया कि उत्सव के इतिहास में पहली बार शिमला के 50 स्कूलों के विद्यार्थियों को सीधे ग्रीष्मोत्सव से जोड़ा जा रहा है। चार जोन में विभाजित इन स्कूलों के बीच हिंदी और अंग्रेजी भाषण प्रतियोगिता “श्यामला मंथन” का आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य बच्चों में नेतृत्व क्षमता और सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जागरूकता बढ़ाना है।

इसके साथ ही, महिला स्वयं सहायता समूहों (Self Help Groups) को बढ़ावा देने के लिए “शिमला स्वाद महोत्सव” शुरू किया जा रहा है, जहाँ छह विशेष स्टॉलों पर सैलानियों और स्थानीय लोगों को पारंपरिक पहाड़ी व्यंजनों का अनूठा स्वाद चखने को मिलेगा।

शिमला अंतरराष्ट्रीय ग्रीष्मोत्सव-2026 के तहत युवाओं को सामाजिक सरोकारों और रचनात्मकता से जोड़ने के लिए कई उच्च पुरस्कार राशि वाली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें नशे के खिलाफ कड़ा संदेश देने वाली 'एंटी-चिट्टा इंटर डिस्ट्रिक्ट वॉलीबॉल चैंपियनशिप' के विजेता को 1 लाख रुपये व उपविजेता को 50 हजार रुपये,

ड्रग्स के खिलाफ बनी शॉर्ट फिल्मों के लिए प्रथम स्थान पर 1 लाख, द्वितीय पर 75 हजार व तृतीय स्थान पर 20 हजार रुपये का इनाम, तथा स्कूली बच्चों की 'श्यामला मंथन' भाषण प्रतियोगिता के लिए क्रमशः 51 हजार, 31 हजार और 21 हजार रुपये के नकद पुरस्कारों के साथ एक प्रतिष्ठित रनिंग ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।

नशे के खिलाफ 'एंटी-चिट्टा' जंग और शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल

इस बार ग्रीष्मोत्सव को केवल मनोरंजन नहीं बल्कि सामाजिक सरोकारों से भी जोड़ा गया है। युवाओं को नशे के जाल से दूर रखने का संदेश देने के लिए संजौली में “एंटी-चिट्टा इंटर डिस्ट्रिक्ट वॉलीबॉल चैंपियनशिप” का आयोजन होगा, जिसमें प्रदेश के सभी 12 जिलों की टीमें दमखम दिखाएंगी।

इसके अलावा एक शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल भी होगा, जिसमें सामाजिक मुद्दों और विशेषकर 'चिट्टे व नशे के खिलाफ' बनी लघु फिल्मों को प्रदर्शित किया जाएगा। इन चयनित फिल्मों को भविष्य में जागरूकता फैलाने के लिए स्कूलों में भी दिखाया जाएगा।

बदल जाएंगे मंच: तिब्बती 'छम नृत्य' से लेकर डॉग शो का दिखेगा रोमांच

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस बार सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भीड़ को नियंत्रित करने और शहर के अन्य कोनों को जीवंत करने के लिए रिज मैदान के अलावा, रिपोर्टिंग रूम के सामने और खेल परिसर प्रांगण में अलग-अलग मंच सजाए जाएंगे।

उत्सव के दौरान तिब्बती समुदाय का पारंपरिक “छम नृत्य”, धर्मशाला की प्रसिद्ध टीआईपीए (TIPA) टीम की प्रस्तुतियां, पांच दिवसीय रंगमंच (थिएटर) आयोजन, साहित्यिक गोष्ठियां, फैशन शो, जुम्बा, प्राचीन कला मलखंभ का प्रदर्शन और “रंगों की दुनिया” आर्ट फेस्टिवल इस उत्सव को बहुरंगी आयाम देंगे।

इसके साथ ही हर साल की तरह पसंदीदा “माय चैंपियन डॉग शो”, फ्लावर शो, “हेल्दी बेबी शो– माय चाइल्ड, माय प्राइड” और अंतरराष्ट्रीय गायन प्रतियोगिता “वॉयस ऑफ माउंटेन्स” भी पर्यटकों के आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेंगे।

इस खबर को शेयर करें