मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

शिमला वोल्वो चालक मारपीट मामला: युवती समेत सभी 4 आरोपी गिरफ्तार; HRTC यूनियन ने खत्म की हड़ताल

सार

राजधानी शिमला के घोड़ा चौकी पर एचआरटीसी (HRTC) वोल्वो बस चालक के साथ हुई बेरहमी से मारपीट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

2 मिनट
शिमला वोल्वो चालक मारपीट मामला: युवती समेत सभी 4 आरोपी गिरफ्तार; HRTC यूनियन ने खत्म की हड़ताल

शिमला

राजधानी शिमला के घोड़ा चौकी पर एचआरटीसी (HRTC) वोल्वो बस चालक के साथ हुई बेरहमी से मारपीट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में संलिप्त एक युवती सहित चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

सभी आरोपियों की सलाखों के पीछे पहुंचने के बाद एचआरटीसी कर्मचारी यूनियन ने अपनी हड़ताल और चक्का जाम समाप्त करने का फैसला ले लिया है, जिससे प्रदेश भर के यात्रियों ने बड़ी राहत की सांस ली है।

ठियोग की तरफ भाग रहे थे दो फरार आरोपी, पुलिस ने दबोचा

रविवार सुबह वारदात को अंजाम देने के बाद दो आरोपी मौके से फरार हो गए थे, जिनकी तलाश में शिमला पुलिस ने तुरंत चारों तरफ अलर्ट जारी कर दिया था। ये दोनों आरोपी गाड़ी लेकर ठियोग की तरफ भाग निकले थे, लेकिन ठियोग पुलिस की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए उन्हें रास्ते में ही डिटेन कर लिया।

इसके बाद दोनों को बालूगंज थाना पुलिस के हवाले किया गया, जहां औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

पंचकूला के रहने वाले हैं चारों आरोपी, पुलिस कर रही पूछताछ

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान पंकज कुमार पुत्र शिव कुमार, विकास कुमार पुत्र विलक्षण राम, विक्की कुमार पुत्र शिव कुमार और प्रतिभा पत्नी विक्की कुमार के रूप में हुई है।

ये सभी आरोपी हरियाणा के पंचकूला (गांव अभयपुर) के रहने वाले हैं। बालूगंज पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और घटना से जुड़े तथ्यों की गहनता से जांच करते हुए पूछताछ शुरू कर दी है।

मांग पूरी होने पर काम पर लौटे कर्मचारी, चक्का जाम समाप्त

बस चालक राजेंद्र सिंह के सिर पर 6 टांके आने और सरेआम हुई गुंडागर्दी के विरोध में एचआरटीसी कर्मचारी यूनियन ने उग्र प्रदर्शन शुरू कर दिया था। यूनियन ने अल्टीमेटम दिया था कि जब तक सभी हमलावर गिरफ्तार नहीं होते, तब तक बसों का संचालन ठप रहेगा।

दोपहर को ओल्ड बस स्टैंड पर चक्का जाम भी किया गया। हालांकि, पुलिस द्वारा कुछ ही घंटों में युवती समेत चारों आरोपियों को दबोच लेने के बाद यूनियन ने अपनी हड़ताल वापस ले ली और सभी कर्मचारी काम पर लौट आए हैं।

इस खबर को शेयर करें