ऊना में जिला स्तरीय बैठक में बनी रणनीति, प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र सिंह बोले- जल्द मुख्यमंत्री से मिलकर रखेंगे मांग
हिमाचल पथ परिवहन निगम में सेवाएं दे रहे पूर्व सैनिक कर्मचारियों की विभिन्न मांगों और समस्याओं को लेकर एचआरटीसी हाईटेक एक्स-सर्विसमैन संगठन ने आवाज बुलंद करने की तैयारी शुरू कर दी है।
संगठन की जिला स्तरीय बैठक शुक्रवार को ऊना में आयोजित हुई, जिसमें ऊना और हमीरपुर डिपो से जुड़े पूर्व सैनिक कर्मचारी शामिल हुए। बैठक में संगठन की आगामी गतिविधियों के साथ-साथ कर्मचारियों को पेश आ रही वेतन संबंधी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। ऊना पहुंचने पर संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया।
राजेंद्र सिंह ने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में एचआरटीसी से जुड़े पूर्व सैनिक कर्मचारियों को एकजुट करना और उनके हितों से जुड़े मुद्दों को उचित मंच पर उठाना है। उन्होंने कहा कि संगठन कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं को सरकार और निगम प्रबंधन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।
राजेंद्र सिंह ने कहा कि पूर्व सैनिक कर्मचारियों के साथ वर्ष 2018 से वेतन विसंगति की समस्या चली आ रही है। इसे दूर करवाना संगठन की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि इस मांग को लेकर संगठन जल्द ही मुख्यमंत्री से मुलाकात करेगा और पूर्व सैनिक कर्मचारियों की वेतन संबंधी समस्या को उनके समक्ष प्रमुखता से रखा जाएगा। बैठक में संगठन की आगामी रणनीति और गतिविधियों को लेकर भी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने विचार-विमर्श किया।
बैठक के दौरान संगठन को प्रदेश सरकार की ओर से मान्यता दिए जाने पर सरकार का आभार भी जताया गया। राजेंद्र सिंह ने कहा कि संगठन को मिली मान्यता से एचआरटीसी में कार्यरत पूर्व सैनिक कर्मचारियों को अपनी मांगों और समस्याओं को संगठित तरीके से सरकार के समक्ष रखने के लिए एक उचित मंच मिला है।
उन्होंने कहा कि संगठन कर्मचारियों के हितों से जुड़े मुद्दों को उचित मंच पर उठाने के लिए आगे भी लगातार प्रयास करता रहेगा।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube