जंतर-मंतर पर आंदोलनरत विद्यार्थियों के समर्थन में निकलेगा मार्च, पांवटा साहिब में कांग्रेस ने लाठीचार्ज के विरोध में निकाली रैली।
दिल्ली के जंतर-मंतर पर विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे विद्यार्थियों के समर्थन में शनिवार शाम हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में कैंडल मार्च निकाला जाएगा। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू शाम 6:00 बजे इस मार्च में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और आम जनता से अपील की है कि वे कैंडल मार्च में शामिल होकर विद्यार्थियों के प्रति एकजुटता प्रकट करें।
विद्यार्थियों की आवाज सुनना जरूरी: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी मांगें लोकतांत्रिक तरीके से उठाने का अधिकार है और उनकी चिंताओं को गंभीरता से सुना जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कैंडल मार्च के माध्यम से दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलन कर रहे विद्यार्थियों के प्रति समर्थन और एकजुटता व्यक्त की जाएगी।
इंदिरा गांधी खेल परिषद से रिज मैदान तक निकलेगा मार्च
शिमला में आयोजित होने वाला कैंडल मार्च इंदिरा गांधी खेल परिषद से शुरू होगा। इसके बाद यह स्कैंडल प्वाइंट होते हुए रिज मैदान पर पहुंचेगा।
इस दौरान पेपर लीक मामलों के कारण आत्महत्या करने वाले विद्यार्थियों को श्रद्धांजलि भी दी जाएगी।
जिलों में भी कांग्रेस कर रही प्रदर्शन
इस मामले को लेकर कांग्रेस की ओर से प्रदेश के विभिन्न जिलों में भी विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। पार्टी ने विद्यार्थियों के मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है।
पांवटा साहिब में कांग्रेस ने निकाली आक्रोश रैली
प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में शनिवार को कांग्रेस मंडल पांवटा साहिब ने विरोध प्रदर्शन और रैली निकाली।
मौसम खराब होने के बावजूद रैली में कांग्रेस कार्यकर्ता, समर्थक और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए।
कांग्रेस मंडल पांवटा साहिब के अध्यक्ष हरप्रीत सिंह रत्न ने बताया कि रैली लोक निर्माण विभाग रेस्ट हाउस से शुरू हुई और शहर के मुख्य बाजार से होते हुए लघु सचिवालय पहुंची।
केंद्र सरकार के खिलाफ जताया विरोध
रैली के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध दर्ज करवाया। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि नीट पेपर लीक जैसे मामलों से युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है।
उन्होंने प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज की भी कड़ी निंदा की और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube