पेपर लीक मामले और हाल ही में प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों पर कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नूरपुर में आक्रोश रैली निकाली। रैली का नेतृत्व नूरपुर के पूर्व विधायक अजय महाजन ने किया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक इस प्रदर्शन में शामिल हुए।
रैली बचत भवन नूरपुर से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए मिनी सचिवालय पहुंची। यहां कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम नूरपुर अरुण शर्मा को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से पेपर लीक प्रकरण की निष्पक्ष जांच करवाने, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और अभ्यर्थियों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई।
इस दौरान पूर्व विधायक अजय महाजन ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जंतर-मंतर पर अपने भविष्य और अधिकारों के लिए शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं के साथ की गई कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल कर उनकी आवाज दबाने का प्रयास किया गया।
अजय महाजन ने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं से लाखों युवाओं के भविष्य पर असर पड़ रहा है और भर्ती प्रक्रिया को लेकर अभ्यर्थियों का विश्वास कमजोर हो रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं के साथ खड़ी है और उनके अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
उन्होंने राम मंदिर निर्माण के लिए एकत्र किए गए चंदे को लेकर उठ रहे सवालों का भी जिक्र किया। अजय महाजन ने कहा कि यदि किसी भी स्तर पर अनियमितता हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
रैली के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और पेपर लीक मामलों में पारदर्शी जांच, युवाओं को न्याय और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने एसडीएम नूरपुर के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube