Google Pay के जरिए महिला से हुई थी ऑनलाइन ठगी, तकनीकी जांच और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर अंतरराज्यीय साइबर नेटवर्क का खुलासा
पुलिस जिला नूरपुर ने ऑनलाइन साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने वर्ष 2024 में थाना नूरपुर में दर्ज ऑनलाइन ठगी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई साइबर सेल और पुलिस टीम की संयुक्त जांच के बाद की गई।
जानकारी के अनुसार, थाना नूरपुर में FIR संख्या 21/2024 के तहत धारा 420 IPC में मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता शिमला देवी पत्नी गिरधारी लाल निवासी मठोली, तहसील नूरपुर ने 18 जनवरी 2024 को शिकायत दर्ज करवाई थी कि अज्ञात साइबर अपराधियों ने फोन कॉल के माध्यम से उन्हें झांसे में लिया और Google Pay के जरिए 3 लाख 20 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली।
तकनीकी जांच से हुआ साइबर नेटवर्क का खुलासा
एएसपी नूरपुर धर्मचंद वर्मा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नूरपुर के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था। इसमें पुलिस चौकी सदवां के प्रभारी और साइबर सेल के अधिकारियों को शामिल किया गया।
उन्होंने बताया कि पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण, डिजिटल ट्रैकिंग, बैंक खातों की जांच, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), वित्तीय लेन-देन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।
जांच के दौरान पुलिस ने अंतरराज्यीय साइबर ठगी नेटवर्क का पता लगाया और आरोपी महाबीर कुमार को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।
बिहार से दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी
पुलिस जांच में मामले में नूर आलम निवासी दक्षिण तेलुआ, थाना नौतन, पश्चिम चंपारण जिला बेतिया (बिहार) की संलिप्तता भी सामने आई। डिजिटल साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने नूर आलम को भी गिरफ्तार कर लिया है।
एएसपी धर्मचंद वर्मा ने बताया कि मामले में अन्य संभावित पहलुओं की जांच अभी जारी है और साइबर ठगी से जुड़े नेटवर्क की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की
पुलिस जिला नूरपुर ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अज्ञात कॉल, OTP, QR Code, संदिग्ध लिंक या ऑनलाइन लेन-देन के दौरान सावधानी बरतें।
पुलिस ने कहा कि साइबर ठगी होने की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करवाएं।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube