पुलिस जिला नूरपुर ने क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ अभियान को तेज करते हुए मंड इंदौरा में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मानसून सत्र के दौरान लगाए गए खनन प्रतिबंध का उल्लंघन कर अवैध खनन करने के आरोप में पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
एएसपी नूरपुर धर्मचंद वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मंड इंदौरा क्षेत्र के वार्ड नंबर 11 में लोडर और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से अवैध खनन किया जा रहा था। इस मामले में पुलिस थाना में FIR नंबर 119/2026 दिनांक 24 जुलाई 2026 दर्ज की गई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2), 3(5) और खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया है।
एएसपी धर्मचंद वर्मा ने बताया कि अवैध खनन में संलिप्त पाए गए बंटी, शिव, शाकू सहित लोडर मालिक नरेंद्र सिंह उर्फ बड्डू और नासर, सभी निवासी मंड इंदौरा, के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है। पुलिस द्वारा घटना में इस्तेमाल किए गए अन्य वाहनों, मशीनरी और संभावित रूप से शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
पुलिस जिला नूरपुर ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन, नदियों और प्राकृतिक संसाधनों के गैर-कानूनी दोहन के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube