उदयपुर-किलाड़ मार्ग पर पहाड़ी दरकने से हादसा, एक घायल को सुरक्षित निकाला गया, पुलिस और बचाव दल युद्धस्तर पर चला रहे रेस्क्यू अभियान
हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। उदयपुर-किलाड़ सड़क मार्ग पर कडू नाला के पास अचानक पहाड़ी दरकने से कुल्लू से पांगी जा रही एक टैक्सी मलबे में दब गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन में 10 से 12 यात्रियों के सवार होने की आशंका है। हादसे की सूचना मिलते ही तिंदी पुलिस, स्थानीय प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंच गए तथा युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार उदयपुर-किलाड़ मार्ग एक दिन पहले भूस्खलन के कारण बंद था। सड़क बहाल होने के बाद शुक्रवार को टैक्सी पांगी के लिए रवाना हुई, लेकिन कडू नाला के समीप अचानक पहाड़ी का बड़ा हिस्सा भरभराकर सड़क पर आ गिरा। देखते ही देखते टैक्सी मलबे की चपेट में आ गई और दब गई।
बचाव दल ने अब तक एक घायल यात्री को मलबे से सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया है। अन्य यात्रियों की तलाश जारी है और जेसीबी व अन्य मशीनों की मदद से मलबा हटाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद ही यात्रियों की सही संख्या और हादसे में हुए नुकसान की आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube