कांगड़ा, मंडी, शिमला समेत कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना, चंबा में सतरूडी नाला उफान पर आने से यातायात प्रभावित।
हिमाचल प्रदेश में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान केंद्र (IMD), शिमला के ताजा मौसम बुलेटिन के अनुसार प्रदेश में 23 से 29 जुलाई तक अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है। वहीं 27 से 29 जुलाई के दौरान कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार 24 से 26 जुलाई तक भी प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी, लेकिन 27 जुलाई से मानसून अधिक सक्रिय होने की संभावना है। इसके चलते भूस्खलन, फ्लैश फ्लड, जलभराव और नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि का खतरा बढ़ सकता है।
इन जिलों में सबसे ज्यादा असर की संभावना
आईएमडी के अनुसार कांगड़ा, मंडी और शिमला जिलों में 27 जुलाई को भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा चंबा, कुल्लू, सोलन और सिरमौर के कई स्थानों पर भी भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है।
IMD की चेतावनी
मौसम विभाग ने चेताया है कि लगातार बारिश के कारण संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन, अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड), नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। फिसलन और कम दृश्यता के कारण सड़क दुर्घटनाओं का जोखिम भी बढ़ सकता है।
लोगों के लिए एडवाइजरी
भूस्खलन और फ्लैश फ्लड संभावित क्षेत्रों में जाने से बचें।
नदी, नालों और खड्डों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा न करें।
प्रशासन और मौसम विभाग की जारी एडवाइजरी का पालन करें।
मौसम से जुड़े ताजा अपडेट पर लगातार नजर रखें।
चंबा में सतरूडी नाला उफान पर, यातायात प्रभावित
लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण चंबा जिले के चुराह उपमंडल में बैरागढ़-साचपास-किलाड़ मार्ग पर स्थित सतरूडी नाला उफान पर आ गया। नाले का जलस्तर बढ़ने से पानी सड़क पर बहने लगा, जिससे मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।
इससे पहले भी क्षेत्र का कार्थ नाला उफान पर आने से सड़क पर तेज बहाव के साथ पानी बहा था। लगातार दूसरे दिन नालों के उफान पर रहने से स्थानीय लोगों और यात्रियों की परेशानियां बढ़ गई हैं तथा कई स्थानों पर सावधानी के साथ आवाजाही करनी पड़ रही है।
घटना की सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग (PWD) पांगी की टीम मौके पर पहुंची और सड़क पर जमा मलबा एवं पानी हटाने का कार्य शुरू कर दिया। विभाग ने जल्द से जल्द यातायात बहाल करने के प्रयास तेज कर दिए हैं।
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है। क्षेत्र की स्थिति पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube