एचपीसीए के अनुरोध पर बीसीसीआई का फैसला, तीनों वनडे अब मोहाली में होंगे जबकि चार दिवसीय मुकाबला तय कार्यक्रम के अनुसार धर्मशाला में ही खेला जाएगा।
हिमाचल प्रदेश के क्रिकेट प्रशंसकों के लिए सितंबर में होने वाली अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट सीरीज से जुड़ी अहम खबर सामने आई है। भारत महिला-ए और ऑस्ट्रेलिया महिला-ए टीमों के बीच प्रस्तावित तीन मैचों की एकदिवसीय (वनडे) सीरीज अब धर्मशाला के बजाय मोहाली में खेली जाएगी। यह निर्णय सितंबर के दौरान संभावित खराब मौसम और भारी बारिश की आशंका को देखते हुए लिया गया है।
हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एचपीसीए) के अनुरोध पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने वनडे मुकाबलों का आयोजन स्थल बदलने की मंजूरी दी है। पहले यह तीनों मुकाबले 20, 23 और 25 सितंबर को धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में आयोजित होने थे।
एचपीसीए का मानना था कि सितंबर के अंतिम सप्ताह में धर्मशाला में लगातार बारिश की संभावना के कारण मैच रद्द होने या ओवरों में कटौती जैसी स्थिति बन सकती है। खिलाड़ियों और दर्शकों के हित को ध्यान में रखते हुए वनडे सीरीज को मोहाली स्थानांतरित करना बेहतर विकल्प माना गया।
अब भारत महिला-ए और ऑस्ट्रेलिया महिला-ए के बीच तीनों वनडे मुकाबले मोहाली के आईएस बिंद्रा क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे।
चार दिवसीय मुकाबला धर्मशाला में ही होगा
हालांकि दोनों टीमों के बीच 29 सितंबर से 2 अक्टूबर तक प्रस्तावित एकमात्र चार दिवसीय मुकाबला अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में ही आयोजित किया जाएगा।
एचपीसीए का मानना है कि बहु-दिवसीय मैच में यदि एक-दो दिन बारिश के कारण खेल प्रभावित भी होता है, तो शेष दिनों में मुकाबला पूरा कराया जा सकता है। इसी वजह से इस मैच का आयोजन स्थल नहीं बदला गया।
एचपीसीए सचिव ने की पुष्टि
एचपीसीए सचिव मनुज शर्मा ने बताया कि मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए बीसीसीआई से वनडे सीरीज को दूसरे स्थान पर कराने का अनुरोध किया गया था। बोर्ड ने इस अनुरोध को स्वीकार करते हुए तीनों वनडे मुकाबलों को मोहाली स्थानांतरित करने का निर्णय लिया है, जबकि चार दिवसीय मुकाबला पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार धर्मशाला में ही खेला जाएगा।
यह फैसला खिलाड़ियों को बेहतर खेल परिस्थितियां उपलब्ध कराने और मुकाबलों के सुचारु आयोजन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया गया है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube