मंडी बाजार में सार्वजनिक स्थान पर लिखी गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर भाजयुमो ने एसपी को सौंपा ज्ञापन, सीसीटीवी जांच और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग।
हिमाचल प्रदेश के मंडी शहर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ सार्वजनिक स्थान पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी लिखे जाने के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो), जिला मंडी ने जिला अध्यक्ष योगराज डोगरा के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक मंडी को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करने और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
भाजयुमो जिला अध्यक्ष योगराज डोगरा ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में वैचारिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन किसी संवैधानिक पद पर आसीन व्यक्ति के खिलाफ सार्वजनिक स्थानों पर अभद्र और आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विरुद्ध है।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की घटनाएं समाज में वैमनस्य फैलाने और कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने का प्रयास हैं, जिन्हें किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
भाजयुमो ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग करते हुए कहा कि घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सहित सभी उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की शीघ्र पहचान की जाए। संगठन ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत एफआईआर दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि सार्वजनिक स्थलों की गरिमा और सामाजिक सौहार्द बना रहे। भाजयुमो ने विश्वास जताया कि मंडी पुलिस इस मामले में निष्पक्ष, त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए दोषियों को कानून के अनुसार दंडित करेगी।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube