हराबाग रेस्टोरेंट से कार, डीवीआर और नकदी चोरी करने वाला आरोपी कुछ ही घंटों में गिरफ्तार, पुलिस रिमांड पर भेजकर पूछताछ जारी।
हराबाग स्थित एक रेस्टोरेंट में हुई हाई-प्रोफाइल चोरी के मामले को सुंदरनगर पुलिस ने कुछ ही घंटों में सुलझा लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पंजाब के बुंगा साहिब क्षेत्र से चोरी की गई कार के साथ गिरफ्तार कर लिया। अदालत ने आरोपी को चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
नेपाल निवासी युवक निकला आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान किशन बहादुर (21), निवासी नेपाल के रूप में हुई है। वह मजदूरी का काम करता है।
डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि रेस्टोरेंट मालिक दलीप सिंह, निवासी बिलासपुर, की शिकायत के बाद सलापड़ पुलिस चौकी प्रभारी दिनेश कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी।
रेस्टोरेंट से कार, डीवीआर और नकदी की थी चोरी
शिकायत के अनुसार आरोपी रेस्टोरेंट से कार, डीवीआर और नकदी चोरी कर फरार हो गया था। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और अन्य सुरागों के आधार पर कार्रवाई करते हुए वीरवार रात कीरतपुर के निकट बुंगा साहिब में दबिश दी और आरोपी को चोरी की कार सहित गिरफ्तार कर लिया।
पहले स्कूटी चोरी, फिर कार लेकर फरार
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी ने हराबाग में चोरी की वारदात को अंजाम देने से पहले मंडी के पंडोह क्षेत्र से एक स्कूटी चोरी की थी। वह उसी स्कूटी पर सुंदरनगर पहुंचा और हराबाग में स्कूटी को लावारिस छोड़कर रेस्टोरेंट से कार चोरी कर पंजाब की ओर फरार हो गया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि पंडोह क्षेत्र से दो स्कूटियां चोरी की गई थीं। इनमें से दूसरी स्कूटी करीब 100 मीटर की दूरी पर खड़ी मिली।
चार दिन के पुलिस रिमांड पर आरोपी
शुक्रवार को आरोपी को सुंदरनगर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे सोमवार तक चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस अब रिमांड के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह किसी बड़े अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह से जुड़ा है या अन्य चोरी की वारदातों में भी शामिल रहा है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube