मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

शिमला के एआईएमएसएस चमियाना में शुरू हुई 23 करोड़ की 3-टेस्ला एमआरआई सुविधा, मरीजों को मिलेगी बेहतर जांच सुविधा

सार

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शिमला के अटल इंस्टीच्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशियलिटीज़, चमियाना में अत्याधुनिक 3-टेस्ला एमआरआई सुविधा का शुभारंभ किया। करीब 23 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित यह मशीन बेहतर इमेजिंग, कम समय में जांच और सटीक निदान की सुविधा उपलब्ध करवाएगी।

4 मिनट
शिमला के एआईएमएसएस चमियाना में शुरू हुई 23 करोड़ की 3-टेस्ला एमआरआई सुविधा, मरीजों को मिलेगी बेहतर जांच सुविधा

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने किया शुभारंभ, बोले- सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों को अत्याधुनिक तकनीक से लैस करना सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शिमला स्थित अटल इंस्टीच्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशियलिटीज़, चमियाना (एआईएमएसएस) में अत्याधुनिक 3-टेस्ला एमआरआई सुविधा का शुभारंभ किया। करीब 23 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित यह आधुनिक मशीन मरीजों को बेहतर गुणवत्ता वाली इमेजिंग, कम समय में जांच और अधिक सटीक निदान की सुविधा प्रदान करेगी।

इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) शिमला के बाद एआईएमएसएस चमियाना प्रदेश का दूसरा सरकारी स्वास्थ्य संस्थान बन गया है, जहां यह उन्नत इमेजिंग तकनीक उपलब्ध करवाई गई है।

सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों को आधुनिक तकनीक से लैस करना प्राथमिकता: सीएम

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों को अत्याधुनिक चिकित्सा तकनीक से मजबूत बनाना राज्य सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि नई एमआरआई सुविधा शुरू होने से सुपर स्पेशियलिटी विभागों की जांच क्षमता और मजबूत होगी।

उन्होंने कहा कि इस सुविधा से चिकित्सकों को जटिल बीमारियों की पहचान और उपचार में सहायता मिलेगी। साथ ही मरीजों को एमआरआई जांच के लिए अन्य संस्थानों में जाने की आवश्यकता कम होगी, जिससे उनके समय और धन की बचत होगी।

स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता

मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा राज्य सरकार के लिए सबसे महत्वपूर्ण क्षेत्र हैं। इन दोनों क्षेत्रों को मजबूत करने के लिए धन की कमी को बाधा नहीं बनने दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सरकारी चिकित्सा महाविद्यालयों के चिकित्सकों से सुझाव लेने के बाद प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा तकनीक को बेहतर बनाने के लिए व्यापक सुधार किए जा रहे हैं।

सरकारी अस्पतालों में आधुनिक जांच सुविधाओं का विस्तार

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार लोगों को सस्ती, आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसके तहत चिकित्सकों के रिक्त पदों को भरने के साथ-साथ सरकारी चिकित्सा महाविद्यालयों में आधुनिक उपकरण उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि योग्य चिकित्सकों को सरकारी सेवाओं में बनाए रखने के लिए प्रतिस्पर्धी वेतनमान भी उपलब्ध करवाया जा रहा है।

आईजीएमसी में पुरानी एमआरआई हटाकर लगाई गई नई मशीन

मुख्यमंत्री ने पूर्व भाजपा सरकार पर स्वास्थ्य क्षेत्र की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्षों तक पुराने चिकित्सा उपकरणों से काम चलाया गया। उन्होंने बताया कि आईजीएमसी शिमला में 19 वर्ष पुरानी एमआरआई मशीन को हटाकर नई 3-टेस्ला एमआरआई प्रणाली स्थापित की गई है।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश के अन्य सरकारी चिकित्सा महाविद्यालयों में भी आधुनिक मशीनें स्थापित की जाएंगी।

125 करोड़ की लागत से बनेंगी ऑटोमेटेड प्रयोगशालाएं

मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकारी चिकित्सा महाविद्यालयों में करीब 125 करोड़ रुपये की लागत से स्वचालित (ऑटोमेटेड) प्रयोगशालाएं स्थापित की जाएंगी। इन प्रयोगशालाओं में अत्याधुनिक जांच सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे जांच की गुणवत्ता और उपचार प्रक्रिया में सुधार होगा।

एआईएमएसएस में रोबोटिक सर्जरी सुविधा भी शुरू

सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में पहली बार रोबोटिक सर्जरी की सुविधा एआईएमएसएस चमियाना में शुरू की गई थी। इसके बाद डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय टांडा, आईजीएमसी शिमला और श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय नेरचौक में भी यह सुविधा शुरू की गई।

उन्होंने कहा कि सरकार मरीजों को रियायती दरों पर रोबोटिक सर्जरी की सुविधा उपलब्ध करवा रही है, जबकि निजी अस्पतालों में यह उपचार काफी महंगा होता है। इसी तरह एमआरआई और पैट स्कैन जैसी जांच सुविधाएं भी कम दरों पर उपलब्ध करवाई जा रही हैं।

एआईएमएसएस में बढ़ेंगी सुविधाएं, ई-बस सेवा भी होगी शुरू

मुख्यमंत्री ने एआईएमएसएस चमियाना में चिकित्सकों के साथ बैठक कर संस्थान की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि चमियाना संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है और इसके लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध करवाई गई है।

उन्होंने कहा कि संस्थान तक बेहतर यातायात सुविधा के लिए ई-बस सेवाएं शुरू की जाएंगी। इसके अलावा सीनियर रेजिडेंट के पदों में वृद्धि की जाएगी। उन्होंने बताया कि 800 नर्सिंग पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है और दिसंबर तक 200 एसोसिएट प्रोफेसरों की नियुक्ति की जाएगी।

एआईएमएसएस मोबाइल एप और स्वच्छता निगरानी प्रणाली लॉन्च

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने एआईएमएसएस मोबाइल एप्लीकेशन का भी शुभारंभ किया। इस एप के माध्यम से मरीज संस्थान और उपलब्ध सेवाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

इसके अलावा अस्पताल परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए स्वच्छता निगरानी प्रणाली भी शुरू की गई।

इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, विधायक हरीश जनारथा, नगर निगम शिमला महापौर सुरेंद्र चौहान, स्वास्थ्य निदेशक डॉ. गोपाल बेरी, एआईएमएसएस प्रधानाचार्य डॉ. बृज शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें