माल रोड स्थित आनंद कॉम्प्लेक्स में कहासुनी के बाद हुई मारपीट, गंभीर हालत में घायल सेल्समैन PGI चंडीगढ़ रेफर
माल रोड स्थित आनंद कॉम्प्लेक्स में शराब ठेके के सेल्समैन के साथ मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में सोलन पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, घटना 3 सितंबर की रात करीब 9:50 बजे हुई, जब किसी बात को लेकर दो युवकों की शराब ठेके के सेल्समैन के साथ कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने के बाद दोनों युवकों ने कथित तौर पर सेल्समैन के साथ मारपीट की।
पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, आरोपी पंकज ने सेल्समैन पंकज कुमार शर्मा के सिर पर बेलचे से तीन-चार बार वार किए। हमले में सेल्समैन के सिर पर गंभीर चोटें आईं। घायल को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल सोलन ले जाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे आगामी उपचार के लिए PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया। वह फिलहाल वहां उपचाराधीन है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस थाना सदर सोलन में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, जबकि SFSL की विशेषज्ञ टीम से भी मौके का निरीक्षण करवाया गया। घटनास्थल से मिले भौतिक साक्ष्यों को एकत्र कर सुरक्षित किया गया।
CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर उसका गहन विश्लेषण किया। इसके अलावा अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की गई। पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद लोगों और संभावित गवाहों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई।
पुलिस के अनुसार उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंकज चीनटा (22) और अभिषेक कुमार (23) के रूप में हुई है। दोनों हरिपुरधार क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।
आरोपियों से पूछताछ जारी
पुलिस ने दोनों आरोपियों को 4 सितंबर को नियमानुसार गिरफ्तार किया। उनसे घटना से जुड़े तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। साथ ही पुलिस दोनों आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल कर रही है।
दोनों आरोपियों को शुक्रवार को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब के ठेके के सेल्समैन और आरोपियों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जो बाद में मारपीट में बदल गई।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए की जा रही है। उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube