जगह-जगह पड़े गड्ढों से हादसों का खतरा, पंचायत प्रधान भूपेंद्र ठाकुर ने सरकार से स्थायी मरम्मत की उठाई मांग
डांगऱी ग्राम पंचायत क्षेत्र में सड़क की खस्ताहालत के चलते ग्रामीणों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। बारिश के बाद सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल राहगीरों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
पंचायत प्रधान भूपेंद्र ठाकुर (सनी) ने प्रशासन और प्रदेश सरकार से सड़क की जल्द स्थायी मरम्मत करवाने की मांग उठाई है।
पंचायत प्रधान ने कहा कि सड़क की हालत लंबे समय से खराब है और ग्रामीण लगातार इसकी मरम्मत की मांग प्रशासन के समक्ष उठाते रहे हैं। इस संबंध में कई बार ज्ञापन भी दिए गए, लेकिन इसके बावजूद सड़क की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि समस्या को लेकर ग्रामीणों ने धरना-प्रदर्शन तक किया, लेकिन अभी तक सड़क का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
भूपेंद्र ठाकुर ने आरोप लगाया कि सड़क पर बार-बार मिट्टी बिछाने और अस्थायी तौर पर मरम्मत कार्य करने पर लाखों रुपये खर्च किए जाते हैं। बारिश होने के बाद यही मिट्टी बह जाती है और सड़क दोबारा गड्ढों में तब्दील हो जाती है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि हर बार अस्थायी काम पर लाखों रुपये खर्च किए जा रहे हैं तो सड़क का स्थायी समाधान क्यों नहीं किया जा रहा।
उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में सड़क की हालत बेहद खराब है। जगह-जगह बने गड्ढों के कारण स्कूटी और दोपहिया वाहन चालकों के गिरने का खतरा बना हुआ है। कई लोग इन गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं का शिकार भी हो चुके हैं। ऐसे में सड़क की जल्द मरम्मत करवाना जरूरी है।
टमाटर सीजन में किसानों की बढ़ी मुश्किलें
पंचायत प्रधान के अनुसार इस सड़क से बड़ी संख्या में किसान जुड़े हुए हैं। वर्तमान में टमाटर का सीजन पीक पर है, ऐसे में खराब सड़क किसानों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। किसानों को अपनी फसल मंडियों तक पहुंचाने में अधिक समय लग रहा है। खराब सड़क के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने से किसानों को आर्थिक नुकसान उठाने की आशंका भी बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि सड़क की खराब स्थिति का असर स्कूल और कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों पर भी पड़ रहा है। कई स्थानों पर सड़क इतनी खराब हो चुकी है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। दोपहिया वाहन चालकों को लगातार दुर्घटना के खतरे के बीच आवाजाही करनी पड़ रही है।
लोक निर्माण मंत्री के समक्ष भी उठाया था मामला
भूपेंद्र ठाकुर ने बताया कि सड़क की समस्या को लेकर वह पहले भी लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह के समक्ष मामला उठा चुके हैं। उस दौरान सरकार को सड़क की स्थिति और टमाटर सीजन में किसानों को होने वाली परेशानियों से अवगत करवाया गया था।
उन्होंने कहा कि किसानों की फसल समय पर मंडी तक पहुंचाने के लिए बेहतर सड़क सुविधा बेहद जरूरी है। यदि सड़क की स्थिति जल्द नहीं सुधारी गई तो ग्रामीणों और किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
पंचायत प्रधान ने प्रशासन और प्रदेश सरकार से मांग की है कि सड़क की बदहाल स्थिति को देखते हुए स्थायी मरम्मत का काम जल्द शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को बार-बार आश्वासन देने के बजाय अब सड़क पर वास्तविक काम दिखाई देना चाहिए।
उन्होंने सरकार से अपील की कि सड़क की हालत सुधारने के लिए जल्द ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों और वाहन चालकों को राहत मिल सके। पंचायत प्रधान ने स्पष्ट कहा कि अब ग्रामीण केवल आश्वासन नहीं, बल्कि सड़क की वास्तविक मरम्मत चाहते हैं।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube