मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

मंडी के साथ कांग्रेस का सौतेला व्यवहार दुर्भाग्यपूर्ण, नगर निगम चुनावों में जनता सिखाएगी सबक: रणवीर सिंह

सार

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और नगर निगम मंडी के वार्ड नंबर-1 (खलियार) से भाजपा प्रत्याशी रणवीर सिंह ने प्रदेश की सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोला है।

अपडेट: 2 मिनट
मंडी के साथ कांग्रेस का सौतेला व्यवहार दुर्भाग्यपूर्ण, नगर निगम चुनावों में जनता सिखाएगी सबक: रणवीर सिंह

मंडी।

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और नगर निगम मंडी के वार्ड नंबर-1 (खलियार) से भाजपा प्रत्याशी रणवीर सिंह ने प्रदेश की सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले साढ़े तीन वर्षों से कांग्रेस सरकार मंडी जिला के साथ सौतेला व्यवहार और द्वेषपूर्ण राजनीति कर रही है।

रणवीर सिंह ने कहा कि अब चुनाव के रूप में गेंद जनता के पाले में है और मंडी की जनता इस भेदभाव का करारा जवाब देने के लिए तैयार बैठी है।

अधिकारियों के बिना चल रही नगर निगम, विकास पर लगा ब्रेक

रणवीर सिंह ने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जो सरकार साढ़े तीन साल में नगर निगम को एक अधिशाषी अभियंता (XEN) और कनिष्ठ अभियंता (JE) तक नहीं दे पाई, वह आज किस मुंह से वोट मांग रही है।

उन्होंने कहा, "15 वार्डों वाला मंडी नगर निगम आज केवल एक सहायक अभियंता और दो आउटसोर्स कनिष्ठ अभियंताओं के भरोसे चल रहा है। यह मंडी के प्रति सरकार की गंभीरता और संवेदनशीलता को दर्शाता है।"

15 करोड़ की राशि वापस लेना मंडी की जनता के साथ विश्वासघात

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि पूर्व भाजपा सरकार द्वारा मंडी नगर निगम के विकास कार्यों के लिए स्वीकृत 15 करोड़ रुपये की राशि को वर्तमान सरकार ने वापस ले लिया है। उन्होंने कहा कि इस कदम से शहर के विकास को गहरा धक्का लगा है और कांग्रेस प्रत्याशियों को जनता के बीच इस 'विकास विरोधी' फैसले का जवाब देना होगा।

उन्होंने दावा किया कि शहर में चारों ओर अव्यवस्था फैली है और बुनियादी सुविधाएं पूरी तरह चरमरा गई हैं।

14 वार्डों में खिलेगा कमल, मंडी को बनाएंगे आदर्श नगर निगम

रणवीर सिंह ने आत्मविश्वास जताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार अपनी विश्वसनीयता खो चुकी है। उन्होंने दावा किया कि नगर निगम के 14 वार्डों में होने जा रहे चुनावों में भाजपा मजबूती के साथ जीत दर्ज करेगी और मंडी को पूरे देश में एक 'आदर्श नगर निगम' के रूप में स्थापित किया जाएगा।

इस खबर को शेयर करें