मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

राजगढ़ में ऐतिहासिक पंचमी चौकी झंडा जी मेले का विशाल दंगल के साथ समापन, भूपेंद्र राजपूत धामी ने जीती बड़ी माली

सार

सिरमौर के राजगढ़ उपमंडल की ग्राम पंचायत चौकी में आयोजित ऐतिहासिक पंचमी चौकी झंडा जी मेले का समापन विशाल दंगल के साथ हुआ। बड़ी माली के फाइनल में भूपेंद्र राजपूत धामी ने राजू कांगड़ा को हराकर खिताब जीता, जबकि छोटी माली में धर्मेंद्र वासनी विजेता रहे। सांसद सुरेश कश्यप ने लंगर भवन निर्माण के लिए तीन लाख रुपये देने की घोषणा की।

TV Incharge

3 मिनट
राजगढ़ में ऐतिहासिक पंचमी चौकी झंडा जी मेले का विशाल दंगल के साथ समापन, भूपेंद्र राजपूत धामी ने जीती बड़ी माली

सांसद सुरेश कश्यप ने बतौर मुख्य अतिथि की शिरकत, लंगर भवन निर्माण के लिए तीन लाख रुपये देने की घोषणा; छोटी माली में धर्मेंद्र वासनी ने अजय को दी पटखनी

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के राजगढ़ उपमंडल के अंतर्गत गिरी गंगा नदी के पावन तट पर आयोजित ऐतिहासिक पंचमी चौकी झंडा जी मेले का समापन विशाल दंगल के साथ हुआ। मेले के तीसरे दिन आयोजित दंगल में हिमाचल प्रदेश सहित उत्तरी भारत के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नामी पहलवानों ने अपने दमखम और कुश्ती के शानदार दांव-पेच दिखाए।

बड़ी माली के रोमांचक फाइनल मुकाबले में भूपेंद्र राजपूत धामी ने राजू कांगड़ा को पराजित कर खिताब अपने नाम किया, जबकि छोटी माली में धर्मेंद्र वासनी ने अजय को शिकस्त दी। कार्यक्रम में शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।

ग्राम पंचायत चौकी में आयोजित इस पारंपरिक मेले के तीसरे दिन कुश्ती प्रेमियों की भारी भीड़ उमड़ी। स्वर्गीय गुरु झल्ला वीरेंद्र शर्मा की स्मृति में उनके परिजनों की ओर से प्रतिवर्ष आयोजित किए जाने वाले इस दंगल में दूरदराज के क्षेत्रों से पहलवान पहुंचे।

रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए आसपास के गांवों सहित विभिन्न क्षेत्रों से हजारों दर्शक मौजूद रहे। अखाड़े में पहलवानों के दांव-पेच और दर्शकों की तालियों ने पूरे मेला स्थल का माहौल उत्साहपूर्ण बना दिया।

कार्यक्रम में पहुंचे सांसद सुरेश कश्यप ने सबसे पहले गुरु महाराज के चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने लगभग पांच लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित रसोईघर का लोकार्पण किया और दंगल का शुभारंभ कर पहलवानों का उत्साहवर्धन किया।

मेला कमेटी की ओर से सांसद को शॉल, टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। उनके साथ पहुंचे अन्य अतिथियों का भी पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया।

अपने संबोधन में सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि मेले हमारी समृद्ध संस्कृति, धार्मिक आस्था और पारंपरिक विरासत के प्रतीक हैं। ऐसे आयोजन समाज में आपसी भाईचारे, प्रेम और मेल-मिलाप की भावना को मजबूत करते हैं।

उन्होंने ऐतिहासिक मेले के सफल आयोजन के लिए मेला कमेटी और क्षेत्रवासियों को बधाई दी। साथ ही गुरु परंपरा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए लंगर भवन के निर्माण के लिए तीन लाख रुपये देने की घोषणा की।

दंगल का मुख्य आकर्षण छोटी और बड़ी माली के फाइनल मुकाबले रहे। छोटी माली में धर्मेंद्र वासनी और अजय के बीच कड़ा मुकाबला हुआ, जिसमें धर्मेंद्र वासनी ने जीत दर्ज की।

छोटी माली के विजेता को 11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। वहीं, बड़ी माली के फाइनल में भूपेंद्र राजपूत धामी और राजू कांगड़ा आमने-सामने हुए। दोनों पहलवानों के बीच जोरदार संघर्ष देखने को मिला, लेकिन अंत में भूपेंद्र राजपूत धामी ने बाजी मारते हुए बड़ी माली का खिताब अपने नाम किया।

बड़ी माली के विजेता के लिए 31 हजार रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई थी।

इस अवसर पर मेला कमेटी के उपाध्यक्ष नीरज चौधरी ने सांसद के समक्ष क्षेत्र की विभिन्न मांगें रखीं। उन्होंने पिछले वर्ष रसोईघर निर्माण के लिए सांसद की ओर से की गई घोषणा को पूरा करवाने पर उनका आभार जताया।

उन्होंने कहा कि नवनिर्मित रसोईघर से मेले और धार्मिक आयोजनों में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। धार्मिक परंपराओं, लोक संस्कृति और पारंपरिक कुश्ती के संगम के साथ पंचमी चौकी झंडा जी मेले का समापन उत्साह और उल्लास के माहौल में हुआ।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें