मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

सिरमौर में अनोखी शादी: चार भाइयों ने एक ही दिन लिए सात फेरे, एक आंगन में हुआ चार दुल्हनों का स्वागत

सार

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के गिरिपार क्षेत्र में एक अनोखी शादी चर्चा का विषय बनी हुई है। शिल्ला गांव में एक ही परिवार के चार भाइयों ने एक ही दिन और एक ही मुहूर्त में सात फेरे लिए। शाम को चारों दूल्हे अपनी दुल्हनों के साथ घर पहुंचे तो एक ही आंगन में चार बहुओं का पारंपरिक स्वागत हुआ। खास बात यह है कि परिवार के 38 सदस्य एक साथ रहते हैं और अब परिवार में 42 सदस्य हो गए हैं।

TV Incharge

2 मिनट
सिरमौर में अनोखी शादी: चार भाइयों ने एक ही दिन लिए सात फेरे, एक आंगन में हुआ चार दुल्हनों का स्वागत

गिरिपार के शिल्ला गांव में एक ही परिवार के चार भाइयों की शादी एक ही मुहूर्त में संपन्न, संयुक्त परिवार में 38 से बढ़कर 42 हुए सदस्य; आज भी कायम है बिना बंटवारे साथ रहने की परंपरा

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के गिरिपार क्षेत्र में अनूठी परंपराओं और रीति-रिवाजों के बीच एक अनोखी शादी चर्चा का विषय बनी हुई है। शिल्ला गांव में एक ही परिवार के चार भाइयों ने एक ही दिन और एक ही मुहूर्त में सात फेरे लेकर अपनी जीवनसंगिनियों को अपनाया।

शाम को जब चारों दूल्हे अपनी दुल्हनों के साथ घर लौटे तो एक ही आंगन में चार बहुओं का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। इस अनोखी शादी को देखने के लिए गांव में उत्सव जैसा माहौल रहा।

खास बात यह रही कि चारों दूल्हों की बरात एक ही घर से अलग-अलग दिशाओं में रवाना हुई और शाम को चारों अपनी दुल्हनों के साथ वापस लौटे। शिल्ला गांव के प्रताप चौहान और उनके भाई के बेटों का विवाह एक ही दिन संपन्न हुआ। प्रताप सिंह के बेटे भवान सिंह का विवाह मटियाना की शिवानी के साथ हुआ, जबकि रविंद्र चौहान ने दुगाना की रवीना के साथ सात फेरे लिए।

इसी तरह सुरेंद्र सिंह के बेटे विजय चौहान ने बालीकोटी के चाकरी गांव की प्रमिला और अजय चौहान ने कोडगा के बिराखना गांव की सुनीता को जीवनसंगिनी बनाया। इस शादी के साथ संयुक्त परिवार में सदस्यों की संख्या 38 से बढ़कर 42 हो गई है।

आज भी कायम है संयुक्त परिवार की परंपरा

गिरिपार क्षेत्र में संयुक्त परिवार की परंपरा आज भी कई गांवों में देखने को मिलती है। यहां एक ही परिवार के कई सदस्य एक छत के नीचे रहते हैं और पारिवारिक संपत्ति का बंटवारा किए बिना मिल-जुलकर जीवन व्यतीत करते हैं।

शिल्ला गांव का देमनेईक परिवार भी इसी परंपरा का उदाहरण है। प्रताप और सुरेंद्र से जुड़े इस परिवार में दस भाई एक ही छत के नीचे रहते हैं और अभी तक जमीन का बंटवारा भी नहीं हुआ है।

संयुक्त परिवार व्यवस्था संस्कृति का हिस्सा : पंचायत प्रधान

पंचायत प्रधान गुमान सिंह ने बताया कि गिरिपार क्षेत्र में संयुक्त परिवार प्रणाली आज भी कई परिवारों में कायम है। यहां सैकड़ों परिवार एक ही छत के नीचे मिल-जुलकर रहते हैं।

उन्होंने कहा कि संयुक्त परिवार व्यवस्था क्षेत्र की संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसे लोग आज भी आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने बताया कि गिरिपार क्षेत्र में जोड़ीदार प्रथा भी प्रचलित है और यह भी अक्सर चर्चा का विषय रहती है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें