मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

पांवटा साहिब के जंगलों में मिली महिला की 95% अधजली लाश: हत्या के बाद शव जलाने की आशंका, इलाका सील

सार

हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के पांवटा साहिब उपमंडल में एक खौफनाक वारदात सामने आई है।

अपडेट: 2 मिनट
पांवटा सा�हिब के जंगलों में मिली महिला की 95% अधजली लाश: हत्या के बाद शव जलाने की आशंका, इलाका सील

नाहन

हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के पांवटा साहिब उपमंडल में एक खौफनाक वारदात सामने आई है। कोलर गांव के समीपवर्ती जंगलों में एक अज्ञात महिला का लगभग पूरी तरह जला हुआ शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस को अंदेशा है कि साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से महिला की हत्या के बाद उसे जंगल में लाकर जलाया गया है।

95 प्रतिशत तक जल चुका है शव

जानकारी के अनुसार, पुलिस को किसी व्यक्ति ने जंगल में आग जलने की सूचना दी थी। जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो वहां का दृश्य खौफनाक था। शव करीब 95 प्रतिशत तक जल चुका है, जिस कारण मृतका की पहचान करना नामुमकिन हो गया है।

प्रारंभिक जांच में केवल इतना स्पष्ट हो पाया है कि शव किसी महिला का है, लेकिन वह युवती थी या नाबालिग, इसका खुलासा फोरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगा।

फॉरेंसिक टीम को जुन्गा से बुलाया गया

वारदात की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र ठाकुर और माजरा थाना प्रभारी कुलदीप सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर डटे हुए हैं। पुलिस ने साक्ष्य सुरक्षित रखने के लिए पूरे इलाके को सील कर दिया है। स्टेट फॉरेंसिक लैब, जुन्गा (शिमला) से विशेषज्ञों की टीम को मौके पर बुलाया गया है, जो घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाएगी।

दूसरे राज्य से जुड़े हो सकते हैं तार

पुलिस मामले की कई पहलुओं से जांच कर रही है यह जांच का विषय है कि महिला की हत्या जंगल में ही की गई या कहीं और हत्या करने के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए यहां लाया गया।

पुलिस सिरमौर और आसपास के जिलों के थानों में हाल ही में लापता हुई महिलाओं का रिकॉर्ड खंगाल रही है। शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस को संदेह है कि किसी पड़ोसी राज्य के व्यक्ति ने इस वारदात को अंजाम देकर शव को यहां जलाया हो सकता है। इसके लिए उत्तराखंड और हरियाणा पुलिस से भी संपर्क साधा जा रहा है।

एसपी सिरमौर का बयान

जिला सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कोलर के जंगल में एक महिला का अधजला शव बरामद हुआ है। मामला दर्ज कर गहन तफ्तीश शुरू कर दी गई है।

फॉरेंसिक रिपोर्ट और पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के सही कारणों और मृतका की उम्र का पता चल पाएगा। दोषियों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं। फिलहाल इस वारदात के बाद समूचे पांवटा साहिब और कोलर क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर रही है ताकि किसी संदिग्ध वाहन या व्यक्ति की जानकारी मिल सके।

इस खबर को शेयर करें