मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

31 मई को सुबह 9 बजे से शुरू होगी मतगणना, कैप्टन विक्रम बतरा कॉलेज में रिहर्सल आयोजित

सार

पालमपुर नगर निगम, जिला परिषद वार्डों और पालमपुर पंचायत समिति सदस्यों के चुनावों की मतगणना को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाने के लिए प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

3 मिनट
31 मई को सुबह 9 बजे से शुरू होगी मतगणना, कैप्टन विक्रम बतरा कॉलेज में रिहर्सल आयोजित

पालमपुर

पालमपुर नगर निगम, जिला परिषद वार्डों और पालमपुर पंचायत समिति सदस्यों के चुनावों की मतगणना को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाने के लिए प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

इसी कड़ी में आज शहीद कैप्टन विक्रम बतरा राजकीय महाविद्यालय पालमपुर में मतगणना कर्मियों के लिए एक विशेष पूर्वाभ्यास (रिहर्सल) सत्र का आयोजन किया गया। इस अभ्यास सत्र में चुनाव ड्यूटी पर तैनात तमाम अधिकारियों और कर्मचारियों को मतगणना प्रक्रिया की बारीकियों और निर्वाचन नियमावली के नियमों से अवगत करवाया गया।

31 मई को सुबह 9:00 बजे से खुलेगा जनमत का पिटारा

सभी सीटों के लिए मतों की गिनती आगामी 31 मई 2026 (रविवार) को सुबह ठीक 9:00 बजे एक साथ शुरू कर दी जाएगी। प्रशासन ने पूरी प्रक्रिया को सुचारू रूप से चलाने के लिए अधिकारियों की जवाबदेही तय कर दी है।

मतगणना के लिए टेबलों और टीमों का गणित

प्रशासन द्वारा शहीद कैप्टन विक्रम बतरा कॉलेज परिसर में मतगणना केंद्र स्थापित किया गया है, जहाँ सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच निम्नलिखित व्यवस्था की गई है निगम के वार्डों की मतगणना के लिए कुल 8 टेबल स्थापित किए गए हैं, जिन पर 8 अलग-अलग टीमें मुस्तैद रहेंगी।

आज आयोजित हुए इस अभ्यास सत्र में नगर निगम की काउंटिंग के लिए नियुक्त सभी 72 मतगणना कर्मियों ने भाग लिया। पालमपुर के दो जिला परिषद वार्डों और पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना के लिए केंद्र पर कुल 20 टेबल लगाए गए हैं। इन टेबलों के लिए 20 समर्पित टीमों के साथ-साथ 2 टीमें रिजर्व में रखी गई हैं, जिसमें कुल मिलाकर 88 मतगणना कर्मी अपनी ड्यूटी निभाएंगे।

वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में परखी गई व्यवस्था

इस महत्वपूर्ण मतगणना पूर्वाभ्यास के दौरान चुनाव पर्यवेक्षक एवं आईएएस (IAS) अधिकारी सुनील शर्मा, सहायक निर्वाचन अधिकारी (नगर निगम) एवं एसडीएम पालमपुर डॉ. ओपी यादव, निर्वाचन अधिकारी (पंचायत समिति) एवं तहसीलदार साजन बग्गा और निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं बीडीओ राजेश्वर भाटिया विशेष रूप से उपस्थित रहे।

अधिकारियों ने मतगणना केंद्र का दौरा कर सुरक्षा और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान नगर निगम चुनाव के नोडल अधिकारी वैभव कालिया और पंचायत चुनाव के नोडल अधिकारी ध्रुव सिंह भूरिया ने उपस्थित स्टाफ को डिकोडिंग, राउंड-वार काउंटिंग और डेटा एंट्री जैसे तकनीकी पहलुओं की व्यावहारिक जानकारी दी।

"पारदर्शिता और निष्पक्षता से समझौता नहीं": चुनाव पर्यवेक्षक

पूर्वाभ्यास के समापन पर चुनाव पर्यवेक्षक एवं आईएएस अधिकारी सुनील शर्मा ने मतगणना के लिए तैनात सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को दो टूक शब्दों में पूरी निष्पक्षता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतगणना के दौरान निर्वाचन नियमावली का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए।

वहीं, एसडीएम पालमपुर डॉ. ओपी यादव ने सभी कर्मियों से आह्वान किया कि वे लोकतंत्र के इस महापर्व के अंतिम और सबसे महत्वपूर्ण चरण को पूरी ईमानदारी, सत्यनिष्ठा और पारदर्शिता के साथ पूरा करें, ताकि किसी भी स्तर पर त्रुटि की कोई गुंजाइश न रहे।

इस खबर को शेयर करें