मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

नूरपुर पुलिस की अवैध खनन माफिया पर बड़ी कार्रवाई, पोकलेन, 2 जेसीबी और 6 ट्रक जब्त

सार

हिमाचल के नूरपुर पुलिस जिले में अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक पोकलेन, दो जेसीबी मशीनें और छह मल्टी एक्सल ट्रक जब्त किए हैं। फतेहपुर और जवाली क्षेत्र में दर्ज मामलों की जांच जारी है और पुलिस ने अवैध खनन के खिलाफ अभियान तेज करने की बात कही है।

2 मिनट
नूरपुर पुलिस की अवैध खनन माफिया पर बड़ी कार्रवाई, पोकलेन, 2 जेसीबी और 6 ट्रक जब्त

फतेहपुर और जवाली में पुलिस का एक्शन, पंजाब से जुड़े खनन माफिया के खिलाफ केस दर्ज, अभियान रहेगा जारी

हिमाचल प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध खनन के खिलाफ पुलिस जिला नूरपुर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पोकलेन, दो जेसीबी मशीनें और छह मल्टी एक्सल ट्रकों सहित कुल नौ वाहन एवं मशीनरी जब्त की है। पुलिस ने संबंधित आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) धर्म चंद वर्मा ने बताया कि अवैध खनन के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना फतेहपुर पुलिस ने मंगलवार को दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की।

फतेहपुर में पोकलेन, जेसीबी और पांच ट्रक जब्त

एएसपी के अनुसार रे-पत्तन क्षेत्र में अवैध खनन करते हुए एक पोकलेन मशीन, एक जेसीबी और पांच मल्टी एक्सल ट्रकों को पकड़ा गया। इस मामले में थाना फतेहपुर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 329(3), 303(2), 190, खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम (MMDR Act) की धारा 21(1) तथा पर्यावरण (संरक्षण) अधिनियम की धारा 15 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने होशियारपुर (पंजाब) निवासी सुशील कुमार सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर सभी सात वाहन एवं मशीनरी जब्त कर ली है। मामले की जांच जारी है।

जवाली में भी अवैध खनन पर कार्रवाई

एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने जवाली के जखाड़ा क्षेत्र में गश्त के दौरान नदी में अवैध खनन करते हुए एक जेसीबी मशीन और एक टिपर को पकड़ा। दोनों वाहनों को माइनिंग एक्ट के तहत जब्त कर उनका चालान तैयार किया गया है, जिसे जवाली अदालत में भेजा जा रहा है।

अवैध खनन के खिलाफ अभियान रहेगा जारी

एएसपी धर्म चंद वर्मा ने कहा कि पुलिस जिला नूरपुर क्षेत्र में अवैध खनन और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि खनन माफिया के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और कानून का उल्लंघन करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

follow us on facebook


subscribe to us on youtube


इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें