CIA नूरपुर की टीम ने कैहरियां में की कार्रवाई, आरोपियों के संपर्कों और नशे के नेटवर्क की जांच जारी
नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए नूरपुर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत CIA नूरपुर की टीम ने कैहरियां क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 676 ग्राम चरस (भांग) बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है।
मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी नूरपुर धर्मचंद वर्मा ने बताया कि CIA नूरपुर की टीम शाम के समय गश्त एवं संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी के दौरान लब चौक क्षेत्र में तैनात थी। इसी दौरान पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली कि गांव कैहरियां में शिव मंदिर के समीप दो व्यक्ति मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त के सिलसिले में मौजूद हैं।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्वतंत्र साक्षी को साथ लिया और शिव मंदिर कैहरियां से कुछ दूरी पर संदिग्ध अवस्था में खड़े दोनों व्यक्तियों से पूछताछ की। नियमानुसार तलाशी लेने पर एक व्यक्ति के पास मौजूद बैग से 676 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को विधिवत सील कर अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुमार चंद (37), निवासी गांव भुलंग, डाकघर सुधार, तहसील पद्दर, जिला मंडी और राकेश सिंह उर्फ लक्की (52), निवासी गांव व डाकघर कैहरियां, तहसील ज्वाली, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है।
बरामद मादक पदार्थ को कब्जे में लेने के बाद दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। इस संबंध में पुलिस थाना ज्वाली में ND&PS Act की धारा 20 और 29 के तहत प्राथमिकी संख्या 175/2026 दर्ज की गई है।
पुलिस मामले की आगामी जांच में जुटी है। साथ ही बरामद चरस के स्रोत और आरोपियों के संभावित संपर्कों का पता लगाने के लिए नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है। एएसपी धर्मचंद वर्मा ने कहा कि पुलिस जिला नूरपुर नशे के अवैध व्यापार के खिलाफ पूरी तरह सजग और प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि इस तरह की गैर-कानूनी गतिविधियों में शामिल तत्वों के खिलाफ विधि सम्मत कड़ी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube