मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

किन्नौर के निचार में 11.46 करोड़ की सीवरेज योजना का शिलान्यास, 500 घरों को मिलेगी सुविधा

सार

किन्नौर के निचार गांव में 11 करोड़ 46 लाख 30 हजार रुपये की लागत से सीवरेज योजना का निर्माण किया जाएगा। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने बुधवार को योजना का शिलान्यास किया। इससे निचार पंचायत क्षेत्र के करीब 500 घरों और एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय को सीवरेज सुविधा मिलेगी।

TV Incharge

2 मिनट
किन्नौर के निचार में 11.46 करोड़ की सीवरेज योजना का शिलान्यास, 500 घरों को मिलेगी सुविधा

राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने रखी आधारशिला, आधुनिक एमबीबीआर तकनीक से बनेगा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट

किन्नौर जिले के निचार गांव में 11 करोड़ 46 लाख 30 हजार रुपये की लागत से बनने वाली सीवरेज योजना का राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने शिलान्यास किया। जल शक्ति विभाग की ओर से कार्यान्वित की जाने वाली इस योजना से निचार पंचायत क्षेत्र के करीब 500 घरों के साथ एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (ईएमआरएस) निचार को भी सीवरेज सुविधा उपलब्ध

करवाई जाएगी। इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी सुशीला नेगी भी मौजूद रहीं।

योजना का निर्माण वर्तमान में 2,244 लोगों की आबादी की जरूरतों को ध्यान में रखकर किया जाएगा। वहीं, भविष्य में बढ़ने वाली आबादी को देखते हुए 3,198 लोगों की आवश्यकताओं के अनुरूप आधारभूत ढांचे का प्रावधान भी किया गया है। इससे आने वाले वर्षों में क्षेत्र के लोगों को बेहतर सीवरेज सुविधा उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी।

योजना के तहत आधुनिक तकनीक पर आधारित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) स्थापित किया जाएगा। इसमें एमबीबीआर तकनीक का इस्तेमाल होगा, जिसके माध्यम से अपशिष्ट जल का वैज्ञानिक तरीके से उपचार किया जाएगा। इस परियोजना से क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था मजबूत होने के साथ अपशिष्ट जल के उचित प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

शिलान्यास के अवसर पर राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने और लोगों की शिकायतों के प्रति संवेदनशीलता से कार्य करने के निर्देश दिए।

इसके बाद मंत्री ने परिवार सहित माता ऊषा देवी मंदिर में शीश नवाया और मंदिर में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में भाग लिया।

इस अवसर पर कार्यवाहक एसडीएम निचार नेहा नेगी, जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता मनोज नेगी, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता प्रमोद नेगी, सहायक अभियंता अक्षय नेगी, ग्राम पंचायत निचार की प्रधान मीरा देवी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें