मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

नादौन में भारी बारिश से तबाही, घरों में घुसा मलबा; चार परिवारों के 13 लोगों को सुरक्षित ठिकाना

सार

हमीरपुर के नादौन उपमंडल में मंगलवार रात हुई भारी बारिश से कई क्षेत्रों में नुकसान हुआ है। कश्मीर गांव में मलबा घरों में घुसने के बाद प्रशासन ने चार परिवारों के 13 लोगों के रहने की व्यवस्था आयुष विभाग के केंद्र में की। चिल्लियां गांव में राशन डिपो का करीब 50 हजार रुपये का अनाज खराब हो गया, जबकि हथोल और बेहा में स्कूलों की दीवारें गिरने से भवनों में पानी घुस गया।

2 मिनट
नादौन में भारी बारिश से तबाही, घरों में घुसा मलबा; चार परिवारों के 13 लोगों को सुरक्षित ठिकाना

कश्मीर गांव में घरों में घुसा मिट्टी-मलबा, चिल्लियां में 50 हजार का राशन खराब; स्कूलों की दीवारें भी गिरीं

हमीरपुर जिले के नादौन उपमंडल में मंगलवार रात हुई भारी बारिश के कारण कई क्षेत्रों में नुकसान हुआ है। बारिश के बाद जगह-जगह मलबा और पानी घुसने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। नुकसान की सूचना मिलते ही एसडीएम नादौन निशांत शर्मा ने टीम के साथ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया।

एसडीएम ने कुछ प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंचने के लिए कई किलोमीटर पैदल सफर भी किया और मौके पर स्थिति का जायजा लिया। उनके साथ तहसीलदार गलोड़ केशव कुमार सहित अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।

कश्मीर गांव में घरों में घुसा मलबा

कश्मीर गांव में बारिश के साथ भारी मात्रा में मिट्टी और मलबा बहकर रिहायशी मकानों में घुस गया। स्थिति को देखते हुए एसडीएम निशांत शर्मा ने मौके पर ही चार परिवारों के 13 लोगों के रहने की व्यवस्था स्थानीय आयुष विभाग के केंद्र में करवाई।

प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है और उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

चिल्लियां में 50 हजार का राशन खराब

चिल्लियां गांव में बारिश का पानी राशन डिपो में घुस गया। इससे डिपो में रखा करीब 50 हजार रुपये का अनाज खराब हो गया। पानी घुसने के कारण आटा, चीनी और चावल को नुकसान पहुंचा है।

स्कूलों की दीवारें गिरीं, भवनों में घुसा पानी

भारी बारिश के कारण हथोल और बेहा गांव में स्कूलों की दीवारें गिर गईं। दीवारें गिरने के बाद स्कूल परिसर में पानी घुस गया। इसके अलावा जल विभाग के परिसर में भी पानी आने से नुकसान हुआ है।

उपमंडल के अन्य क्षेत्रों में भी कई रिहायशी मकानों को नुकसान पहुंचने की सूचना है। प्रशासन की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में जाकर नुकसान का आकलन कर रही हैं।

नुकसान की सूचना प्रशासन को देने की अपील

एसडीएम नादौन निशांत शर्मा ने लोगों से अपील की है कि यदि बारिश के कारण किसी भी क्षेत्र में नुकसान हुआ है तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि राहत और बचाव कार्य समय पर शुरू किया जा सके।

उन्होंने लोगों से विशेष सावधानी बरतने और खड्डों, नालों तथा नदी किनारे जाने से बचने की अपील की है। बरसात के दौरान जलस्तर अचानक बढ़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने को कहा है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें