मुख्य सामग्री पर जाएं
रविवार, 29 नवंबर 2026

सांसद सुरेश कश्यप का कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला, बोले—तीन साल में हर मोर्चे पर फेल हुई प्रदेश सरकार

सार

शिमला संसदीय क्षेत्र से सांसद सुरेश कश्यप ने यहां मिडिया से विशेष बातचीत के दौरान प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा।

2 मिनट
सांसद सुरेश कश्यप का कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला, बोले—तीन साल में हर मोर्चे पर फेल हुई प्रदेश सरकार

पांवटा साहिब: शिमला संसदीय क्षेत्र से सांसद सुरेश कश्यप ने यहां मिडिया से विशेष बातचीत के दौरान प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार के तीन साल का कार्यकाल पूरी तरह निराशाजनक रहा है और हर मोर्चे पर प्रदेश सरकार विफल साबित हुई है।

सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि प्रदेश में विकास कार्य पूरी तरह से ठप पड़े हैं और सरकार अपनी नाकामियों को कभी प्राकृतिक आपदा तो कभी पंचायत चुनावों में देरी का बहाना बनाकर छिपाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बरसात और आपदा को समाप्त हुए काफी समय बीत चुका है, लेकिन इसके बावजूद आज तक कई सड़कों को बहाल नहीं किया जा सका।

उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि सरकार की “सबसे बड़ी उपलब्धि” यही है कि वह बंद पड़ी सड़कों तक को नहीं खोल पाई, जिससे आम जनता, किसान, बागवान और छात्र सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं।

सांसद ने प्रदेश की वित्तीय स्थिति पर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की ट्रेज़री लगभग बंद पड़ी है और ₹10,000 से अधिक की राशि तक नहीं निकाली जा रही। इसके चलते वेलफेयर हाउस सहित कई जनकल्याणकारी योजनाएं केवल कागज़ों तक सीमित रह गई हैं। स्वीकृतियां मिलने के बावजूद लाभार्थियों को पहली किस्त तक नहीं मिल पा रही है।

सुरेश कश्यप ने कहा कि विभिन्न विभागों में कार्य पूरा कर चुके ठेकेदारों के भुगतान लंबित पड़े हैं, जिससे नए विकास कार्य शुरू ही नहीं हो पा रहे और ठेकेदार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।

प्रदेश सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि तीन साल के कार्यकाल में सरकार कोई भी नई जनहितकारी योजना लागू नहीं कर पाई, बल्कि पूर्व में चलाई जा रही कई योजनाओं को भी बंद कर दिया गया। उन्होंने कहा कि महिलाएं, बुजुर्ग, युवा, कर्मचारी और अधिकारी—किसी भी वर्ग को सरकार की नीतियों से कोई ठोस लाभ नहीं मिला है।

रोजगार के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए सांसद ने कहा कि हर वर्ष लाखों नौकरियां देने के वादे किए गए थे, लेकिन तीन साल बीत जाने के बावजूद यह वादे जमीन पर उतरते नजर नहीं आए। इसके अलावा 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने की घोषणा भी पूरी तरह से विफल रही है और अब 125 यूनिट तक की सुविधा भी बंद कर दी गई है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रदेश के डिपुओं में लोगों को पूरा राशन तक नहीं मिल पा रहा, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

अंत में सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि कुल मिलाकर प्रदेश की कांग्रेस सरकार नीतिगत और प्रशासनिक दोनों स्तरों पर पूरी तरह विफल रही है और उसकी गलत नीतियों का सीधा खामियाजा प्रदेश की जनता को भुगतना पड़ रहा है।

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें