मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

पैसों के लिए नाबालिग बेटे को ठेकेदार को बेचने का आरोप, जम्मू-कश्मीर से हिमाचल लाकर करवाया मजदूरी

सार

जम्मू-कश्मीर के राजोरी क्षेत्र में एक दंपती पर पैसों के लिए अपने नाबालिग बच्चे को ठेकेदार को बेचने का आरोप लगा है। ठेकेदार कथित तौर पर बच्चे को हिमाचल प्रदेश लाया और सिरमौर में एक व्यक्ति के घर पर काम करने के लिए रखा। शिकायत मिलने के बाद चाइल्डलाइन, बाल कल्याण समिति और सिरमौर पुलिस की मदद से बच्चे को रेस्क्यू कर शिमला के शेल्टर होम पहुंचाया गया।

3 मिनट
पैसों के लिए नाबालिग बेटे को ठेकेदार को बेचने का आरोप, जम्मू-कश्मीर से हिमाचल लाकर करवाया मजदूरी

सिरमौर में घर पर काम करते मिला 15-16 साल का बच्चा, चाइल्डलाइन और CWC ने रेस्क्यू कर शिमला शेल्टर होम पहुंचाया

जम्मू-कश्मीर से हिमाचल प्रदेश लाकर एक नाबालिग से मजदूरी करवाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि राजोरी क्षेत्र के एक दंपती ने पैसों के लिए अपने करीब 15-16 साल के बच्चे को एक ठेकेदार को बेच दिया। इसके बाद ठेकेदार बच्चे को हिमाचल लेकर आया और सिरमौर जिले में एक व्यक्ति के घर पर काम करने के लिए रखा गया।

शिकायत मिलने के बाद चाइल्डलाइन और बाल कल्याण समिति (CWC) ने सिरमौर पुलिस की मदद से नाबालिग को रेस्क्यू किया। बच्चे को सुरक्षित रूप से शिमला के शेल्टर होम पहुंचाया गया, जहां उसकी काउंसलिंग की गई।

सिरमौर में घर पर काम करता मिला नाबालिग

बताया जा रहा है कि यह मामला कुछ महीने पुराना है। सिरमौर में एक घर पर नाबालिग से जबरन काम करवाए जाने की शिकायत मिलने के बाद चाइल्डलाइन और बाल कल्याण समिति की टीम ने पुलिस के सहयोग से उसे रेस्क्यू किया।

जिस घर से बच्चे को बरामद किया गया, उसके मालिक ने टीम को बताया कि बच्चा अपनी इच्छा से काम करने के लिए तैयार था और इसी आधार पर उसे घर पर रखा गया था।

शिमला पहुंचने के बाद नाबालिग से कई बार बातचीत की गई, लेकिन शुरुआत में वह अपने घर का सही पता नहीं बता पाया। इसके बाद उसकी काउंसलिंग कराने का फैसला लिया गया।

काउंसलिंग में सामने आई पूरी कहानी

मनोवैज्ञानिक मनोज सहगल की काउंसलिंग के दौरान नाबालिग ने अपने साथ हुई पूरी घटना की जानकारी दी। बच्चे के अनुसार उसके पिता ने दूसरी शादी की है। आरोप है कि सौतेली मां और पिता ने मिलकर कुछ महीने पहले उसे एक ठेकेदार को बेच दिया।

इसके बाद ठेकेदार उसे हिमाचल प्रदेश लेकर आया और सिरमौर में एक व्यक्ति के घर पर काम करवाया गया।

बातचीत के दौरान बच्चे ने अपने स्कूल से जुड़ी जानकारी भी साझा की। इसी जानकारी के आधार पर बाल कल्याण समिति ने उसके राजोरी स्थित घर का पता लगाया।

माता-पिता के साथ जाने से नाबालिग ने किया इनकार

बाल कल्याण समिति ने बच्चे के माता-पिता से संपर्क किया। शुरुआत में उन्होंने मामले को लेकर टालमटोल की, लेकिन बाद में बच्चे को अपना बेटा स्वीकार कर लिया।

हालांकि, नाबालिग ने अपने घर लौटने की इच्छा नहीं जताई। उसे आशंका है कि माता-पिता उसे दोबारा किसी अन्य व्यक्ति को सौंप सकते हैं। इसी कारण उसे सीधे अभिभावकों को सौंपने के बजाय जम्मू-कश्मीर की चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के संरक्षण में भेजने की तैयारी की जा रही है।

वहां बच्चे को बालिग होने तक संरक्षण दिए जाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

नाबालिग को जम्मू-कश्मीर भेजने की तैयारी

बाल कल्याण समिति की चेयरपर्सन संतोष शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही चाइल्डलाइन और CWC की टीम ने पुलिस की मदद से नाबालिग को सिरमौर से रेस्क्यू किया। उसे फिलहाल शिमला के शेल्टर होम में सुरक्षित रखा गया है।

उन्होंने बताया कि नाबालिग को जम्मू-कश्मीर भेजने के लिए जरूरी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

  • नाबालिग
  • श्रमिक
  • जम्मू-कश्मीर
  • चाइल्डलाइन
  • बाल कल्याण
  • मानवाधिकार
  • शेल्टर होम

इस खबर को शेयर करें