मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

मंडी में नशा तस्कर को 5 साल की जेल: 8.54 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा गया था युवक, कोर्ट ने लगाया 50 हजार जुर्माना

सार

मंडी जिला में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत माननीय अदालत ने एक बड़ा और कड़ा फैसला सुनाया है।

2 मिनट
मंडी में नशा तस्कर को 5 साल की जेल: 8.54 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा गया था युवक, कोर्ट ने लगाया 50 ��हजार जुर्माना

सरकाघाट (मंडी)

मंडी जिला में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत माननीय अदालत ने एक बड़ा और कड़ा फैसला सुनाया है। स्पेशल जज सरकाघाट की अदालत ने हेरोइन (स्मैक) की तस्करी के मामले में आरोपी युवक को दोषी करार देते हुए 5 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई है।

इसके साथ ही अदालत ने दोषी पर 50,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया है। जुर्माना न भरने की स्थिति में दोषी को 3 महीने का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा।

उप जिला न्यायवादी राजीव शर्मा ने मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि अदालत ने 'राज्य बनाम अजय कुमार' मामले में आरोपी अजय कुमार (28), निवासी गांव व डाकघर बारी, तहसील बलद्वाड़ा (मंडी) को एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 21 के तहत दोषी ठहराया है।

यह मामला 25 जून 2021 का है, जब पुलिस टीम गश्त के दौरान बारी क्षेत्र की तरफ मौजूद थी। इसी बीच पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को आते देखा, जो पुलिस टीम को सामने पाकर घबरा गया और पीछे मुड़कर भागने लगा। भागते समय उसने अपनी जेब से एक लिफाफा निकालकर पास की झाड़ियों में फेंक दिया।

पुलिस कर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए पीछा कर आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया। जब पुलिस ने झाड़ियों में फेंके गए लिफाफे को बरामद कर उसकी तलाशी ली, तो उसमें 8.54 ग्राम हेरोइन (स्मैक) बरामद हुई।

पुलिस ने तुरंत नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने अदालत के समक्ष तमाम पुख्ता साक्ष्य और गवाहों के बयान पेश किए। अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अजय कुमार को दोषी पाते हुए यह सजा सुनाई, जिसे क्षेत्र में नशा माफिया के खिलाफ एक सख्त संदेश माना जा रहा है।

इस खबर को शेयर करें