मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

मंडी में पशु मित्र के 7 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी, 165 अभ्यर्थी पाए गए पात्र

सार

पशु मित्र नीति-2025 के तहत मंडी सदर उपमंडल में 7 रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया जारी है। 197 आवेदनों में से 165 अभ्यर्थी पात्र पाए गए हैं। पुरुष अभ्यर्थियों की शारीरिक परीक्षा पूरी हो चुकी है, जबकि महिला उम्मीदवारों की परीक्षा 8 जुलाई को आयोजित होगी।

2 मिनट
मंडी में पशु मित्र के 7 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी, 165 अभ्यर्थी पाए गए पात्र

पुरुष अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा संपन्न, 8 जुलाई को होगी महिला उम्मीदवारों की दौड़

पशु मित्र नीति-2025 के तहत उपमंडल सदर में पशु मित्रों के सात रिक्त पदों को भरने की चयन प्रक्रिया जारी है। इन पदों में सीमेन बैंक मंडी के दो, पशु रोग अन्वेषण प्रयोगशाला मंडी के दो, क्षेत्रीय पशु चिकित्सालय मंडी का एक, पशु औषधालय खड़कल्याणा का एक तथा पशु औषधालय पद्धियूं का एक पद शामिल है।

197 आवेदनों में से 165 अभ्यर्थी पात्र

पशु मित्र संलग्नता समिति की सदस्य सचिव एवं वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. विपाशा मल्होत्रा ने बताया कि इन पदों के लिए कुल 197 आवेदन प्राप्त हुए थे। दस्तावेजों की जांच के बाद 165 अभ्यर्थियों को पात्र घोषित किया गया, जिनमें 100 पुरुष और 65 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं।

35 पुरुष अभ्यर्थियों ने पास की शारीरिक परीक्षा

उन्होंने बताया कि पुरुष अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा मंगलवार को पड्डल मैदान, मंडी में आयोजित की गई। परीक्षा में 53 पुरुष अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जिनमें से 35 निर्धारित मानकों पर खरे उतरते हुए सफल रहे।

पुरुष अभ्यर्थियों के लिए 5 किलोमीटर की दौड़ 30 मिनट के भीतर पूरी करना अनिवार्य रखा गया था।

8 जुलाई को होगी महिला अभ्यर्थियों की परीक्षा

डॉ. विपाशा मल्होत्रा ने बताया कि महिला अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा 8 जुलाई 2026 को सुबह 8:00 बजे पड्डल मैदान, मंडी में आयोजित की जाएगी। सभी महिला उम्मीदवारों को पंजीकरण के लिए सुबह 7:45 बजे तक परीक्षा स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।

महिला अभ्यर्थियों के लिए 1500 मीटर की दौड़ 10 मिनट के भीतर पूरी करना अनिवार्य होगा।

ये दस्तावेज साथ लाना होगा अनिवार्य

उन्होंने बताया कि सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा के दौरान निम्नलिखित दस्तावेज साथ लाने होंगे:

  • आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या पैन कार्ड में से कोई एक मूल पहचान पत्र।

  • परिवार नकल।

  • दो स्व-सत्यापित पासपोर्ट आकार के फोटो।

इसके अलावा शारीरिक परीक्षण स्थल पर मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी। सभी अभ्यर्थियों को परीक्षण में भाग लेने से पहले शारीरिक योग्यता संबंधी स्व-घोषणापत्र पर हस्ताक्षर करना भी अनिवार्य होगा।

follow us on facebook


subscribe to us on youtube


इस खबर के विषय

  • पशु मित्र
  • भर्ती प्रक्रिया
  • शारीरिक दक्षता
  • महिला उम्मीदवार
  • पुरुष उम्मीदवार
  • परीक्षा
  • अभ्यर्थी
  • पुरुष अभ्यर्थी

इस खबर को शेयर करें